शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Ayodhya News:नहाय-खाय से डाला छठ शुरू – Chhath Puja Begins With Nahay Khay
अयोध्या

Ayodhya News:नहाय-खाय से डाला छठ शुरू – Chhath Puja Begins With Nahay Khay

November 13, 2026


अयोध्या। आंचल में आस्था, माथे पर लंबा सिंदूर और जुबां पर छठ मइया के पारंपरिक गीत…। कुछ इसी श्रद्धा और उल्लास के बीच लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत हो गई है। घरों में गूंजते गीतों के बीच व्रती महिलाओं ने शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा निभाई। स्नान, स्वच्छता और सात्विक भोजन के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान शुरू हुआ।

शनिवार को खरना के बाद व्रती महिलाएं 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लेंगी। छठ पर्व को लेकर घरों में शुद्धता और नियम-संयम का विशेष ध्यान रखा गया। व्रती महिलाओं ने सुबह स्नान कर घर और रसोई की साफ-सफाई की। इसके बाद मिट्टी या कांसे के बर्तनों में सात्विक भोजन तैयार किया। नहाय-खाय के प्रसाद में कद्दू की सब्जी, चने की दाल और चावल बनाए गए। कई घरों में भोजन लकड़ी और गोबर के उपलों पर पकाया गया।

छठ के दूसरे दिन शनिवार को लोहंडा-खरना की परंपरा निभाई जाएगी। पूरे दिन उपवास रखने के बाद व्रती महिलाएं शाम को छठी मइया की पूजा करेंगी। इस मौके पर नए मिट्टी के चूल्हे और आम की लकड़ी पर साठी के चावल, दूध और गुड़ अथवा गन्ने के रस से खीर तैयार की जाएगी। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद ही 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा। इस दौरान अन्न और जल का त्याग कर सूर्यदेव और छठी मइया की आराधना की जाएगी।

अस्ताचलगामी सूर्य से उदीयमान भास्कर तक होगी आराधना

महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती महिलाएं सूप और दउरा में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना सहित पूजन सामग्री सजाकर घाटों पर पहुंचेंगी। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान के मंगल की कामना करेंगी। इसके अगले दिन सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसी के साथ व्रती महिलाएं पारण कर चार दिवसीय अनुष्ठान पूरा करेंगी।

सिंदूर की लंबी रेखा में अखंड सौभाग्य की कामना

पंडित साकेत शरण मिश्र के अनुसार छठ पर्व की परंपरा रामायण और महाभारत काल से जुड़ी मान्यताओं में भी मिलती है। मान्यता है कि लंका विजय के बाद अयोध्या लौटने पर भगवान राम और माता सीता ने सूर्यदेव की उपासना की थी। महाभारत में द्रौपदी की सूर्योपासना और व्रत से जुड़ी कथाएं प्रचलित हैं। छठ पर्व पर महिलाओं के शृंगार में लंबा और गाढ़ा सिंदूर भी विशेष महत्व रखता है। इसे अखंड सौभाग्य और पति की दीर्घायु की कामना का प्रतीक माना जाता है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X