रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
आज़मगढ़

Azamgarh News:दीपों से जगमग होंगे घाट और सरोवर, आज मनेगी देव दीपावली – Ghats And Water Bodies Will Be Illuminated With Lamps; Dev Deepawali Will Be Celebrated Today

November 23, 2026


कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को जिले भर में देव दीपावली मनाई जाएगी। इस अवसर पर नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक घाटों, सरोवरों और मंदिरों में दीप जलाए जाएंगे। शाम होते ही धार्मिक स्थल दीपों की रोशनी से जगमग होंगे।

श्रद्धालु दीपदान कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। नगर में गौरीशंकर घाट, कदमघाट और सिधारी घाट पर दीपोत्सव की तैयारी की गई है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बिंद्राबाजार स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर सरोवर, अतरौलिया की पूर्वी पोखरी, तरवां के रासेपुर शिव मंदिर परिसर और मेंहनगर के ऐतिहासिक लखराव पोखरे के महादेव घाट पर दीपदान होगा।

निजामाबाद के शिवाला घाट स्थित तमसा तट पर भी दीप जलाए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न शिवालयों, रामजानकी और राधा-कृष्ण मंदिरों, गुरुद्वारा तप स्थान तथा हनुमानगढ़ी में भी श्रद्धालु दीपदान करेंगे। शाम ढलते ही तमसा तट सहित जिले के प्रमुख घाटों पर दीपों की रोशनी और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

000

पहली बार होगा इस्कॉन का महोत्सव

इस्कॉन सेंटर की ओर से पहली बार सिधारी स्थित तमसा तट पर देव दीपावली और दीपदान महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। सिधारी पुराने पुल के पास श्री महावीर मंदिर सेवा समिति व प्राचीन शिव मंदिर परिसर में शाम पांच बजे कीर्तन-भजन के साथ कार्यक्रम शुरू होगा। शाम छह बजे श्रीमद्भागवत कथा, सात बजे दीपदान और साढ़े सात बजे से भंडारे का आयोजन होगा। इस्कॉन सेंटर के मैनेजर ओजस्वी गोविंद दास, रस विचार दास, राधा गोविंद दास और सेव्य निताई दास ने श्रद्धालुओं से पहुंचकर घी के दीपक जलाने की अपील की है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X