रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बागेश्वर

Bageshwar News:निदेशक के आदेश के बावजूद अल्मोड़ा से नहीं पहुंचीं महिला रोग विशेषज्ञ तैनाती – Gynecologist Fails To Report For Duty In Almora Despite Director’s Order

November 28, 2026


बागेश्वर। जिला अस्पताल में वरिष्ठ स्त्रीरोग विशेषज्ञ के अवकाश पर जाने के बाद वैकल्पिक व्यवस्था के आदेश के बावजूद अल्मोड़ा से महिला रोग विशेषज्ञ नहीं मिल सकी हैं। इससे जांच और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचने वाली महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कुमाऊं मंडल नैनीताल की ओर से जारी आदेश के तहत जिला चिकित्सालय बागेश्वर में कार्यरत वरिष्ठ स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. रीमा उपाध्याय को 20 नवंबर 2026 से 15 दिसंबर 2026 तक (कुल 26 दिन) का उपार्जित अवकाश स्वीकृत किया गया है। आदेश में यह व्यवस्था दी गई थी कि उनकी अवकाश अवधि में सीएमओ अल्मोड़ा से रोटेशन के आधार पर जिला चिकित्सालय बागेश्वर में स्त्रीरोग विशेषज्ञ की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

सीएमओ डॉ. कुमार आदित्य तिवारी ने 21 नवंबर को सीएमओ अल्मोड़ा को पत्र भेजकर अवगत कराया कि जिले में वर्तमान में कोई अन्य स्त्रीरोग विशेषज्ञ नहीं है, इसलिए अवकाश अवधि के लिए शीघ्र स्त्रीरोग विशेषज्ञ की तैनाती कर सूचना दी जाए। इसकी प्रति जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा के सीएमएस को भी भेजी गई थी। इसके बावजूद वैकल्पिक तैनाती न होने से महिला स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चिंता बनी हुई है।

कोट

बागेश्वर के लिए स्त्री रोग विशेषज्ञ की व्यवस्था के लिए रानीखेत के सीएमएस को निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही वहां से बागेश्वर के लिए स्त्री रोग विशेषज्ञ को रोटेशनवार भेजा जाएगा।

-डॉ. आरके वर्मा, सीएमओ, अल्मोड़ा

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X