बलिया। संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को किसानों, खेतिहर मजदूरों और श्रमिकों ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और युवाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी, कर्ज माफी तथा छह वर्ष पूर्व हुए किसान आंदोलन की लंबित शर्तों को पूरा करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही मांगों के बावजूद ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। ज्ञापन के माध्यम से कई मांगें उठाईं गईं। प्रदर्शन की अध्यक्षता बलवंत यादव और संचालन परमात्मानंद राय ने किया।
इस दौरान लक्ष्मण पांडेय, कन्हैया शाही, जनार्दन सिंह, अशोक कुमार पांडेय, मुनीब जी, तेजनारायण, गरीब राजभर, अंजू, चंपा देवी आदि रहे।