रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Ballia News:सीआरपीएफ जवान का निधन, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम विदाई – Crpf Jawan Passes Away; Laid To Rest With A Guard Of Honour
बलिया

Ballia News:सीआरपीएफ जवान का निधन, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम विदाई – Crpf Jawan Passes Away; Laid To Rest With A Guard Of Honour

November 22, 2026


बेरुआरबारी (बलिया)। छठ पूजा पर परिवार के साथ खुशियां बांटकर पांच दिन पहले ही ड्यूटी पर लौटे सीआरपीएफ जवान अशोक राम (55) की छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। शुक्रवार को निधन की खबर धनिधरा गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। देखते-ही-देखते जवान के दरवाजे पर हजारों लोगों की भीड़ जुट गई। हर आंख नम थी और माहौल गमगीन हो गया।

परिजनों के अनुसार अशोक राम छठ पूजा के अवसर पर छुट्टी लेकर घर आए थे। परिवार के साथ त्योहार मनाने के बाद 15 नवंबर को वह वापस छत्तीसगढ़ स्थित अपनी ड्यूटी पर लौट गए थे। 19 नवंबर को अचानक उनकी तबीयत खराब होने की सूचना मिली। यह खबर मिलते ही उनके दो बेटे छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हो गए। परिवार के लोग उनके स्वस्थ होने की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन शुक्रवार को उनके निधन की सूचना ने सभी को झकझोर दिया।

अशोक राम के तीन बेटे हैं। बड़ा बेटा सोनू राम खेती-किसानी करता है, जबकि मझला बेटा अमित कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत है। सबसे छोटा बेटा धुन कुमार अभी पढ़ाई कर रहा है। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी लीलावती देवी बेसुध हो गईं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ दिन पहले छठ पर्व की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है।

देश की सेवा में समर्पित रहे अशोक राम को शनिवार को पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। बलिया के गंगा घाट पर सीआरपीएफ और उत्तर प्रदेश पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी। वर्दीधारी जवानों की ओर से अपने साथी को दी गई अंतिम सलामी का दृश्य देख वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, शुभचिंतकों और क्षेत्रीय लोगों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार को ढाढ़स बंधाया।

इस दौरान डिप्टी कमांडेंट कृष्ण कुमार, इंस्पेक्टर विजय कुमार सिंह, शिव रतन यादव, अनिल कुमार, उपेंद्र कुमार, आशुतोष सिंह, इंद्रजीत, उत्तर प्रदेश पुलिस के उपनिरीक्षक रामलखन सोनकर, भाजपा नेता विश्राम सिंह और भासपा के प्रदेश प्रवक्ता सुनील सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। देश की रक्षा में जीवन समर्पित करने वाले जवान की विदाई पर पूरा क्षेत्र शोक में डूबा रहा।

बेरुआरबारी क्षेत्र के धनिधरा निवासी सीआरपीएफ जवान अशोक राम शव के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी लोगों

बेरुआरबारी क्षेत्र के धनिधरा निवासी सीआरपीएफ जवान अशोक राम शव के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी लोगों– फोटो : Department

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X