Bhadohi News:युवाओं एवं महिला मतदाताओं का शत प्रतिशत पंजीकरण जरूरी – 100% Registration Of Youth And Women Voters Is Essential
ज्ञानपुर। जिले में निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बूथों पर लोगों का नाम जोड़ा जा रहा है। रविवार को विशेष अभियान का जायजा लेने जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने कंपोजिट विद्यालय पिपरीस का निरीक्षण किया। जहां बूथ संख्या 237, 238 एवं 239 पर चल रहे मतदाता पंजीकरण कार्यों का जायजा लिया। बीएलओ ने बताया कि अब तक कुल 54 फार्म भरे गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित बच्चों को गुलाब के फूल एवं ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। नए मतदाताओं से संवाद करते हुए अपील की कि वे जागरूक नागरिक बनें और मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने विशेष रूप से महिला मतदाताओं के शत-प्रतिशत पंजीकरण पर जोर देते हुए कहा कि कोई भी पात्र महिला मतदाता पंजीकरण से वंचित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे विशेष अभियान की निर्धारित तिथियों के साथ ही 28 एवं 29 नवंबर को अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। उन्होंने बताया कि जिन नागरिकों की आयु एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है वह नाम अवश्य जुड़वाएं। मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन, निवास स्थानांतरण, ईपिक प्रतिस्थापन तथा दिव्यांगजन के रूप में चिह्नांकन के लिए फार्म-8 भरा जा सकता है। वहीं मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित एवं डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फार्म-7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
