Bhiwani News:दिसंबर तक पूरे करने होंगे बिजली फीडर सुदृढ़ीकरण के अधूरे काम, बिजली के बकायेदार सरकारी विभागों से अब पाई-पाई वसूलेगा निगम – The Incomplete Work Of Strengthening Power Feeders Must Be Completed By December, And The Corporation Will Now Recover Every Single Penny Of Electricity Dues From The Defaulting Government Departments
भिवानी। बिजली व्यवस्था को मजबूत करने और राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने सख्त रुख अपना लिया है। भिवानी सर्कल में फीडर सुदृढ़ीकरण के अधूरे काम दिसंबर तक हर हाल में पूरे करने होंगे।
बकाया बिलों की वसूली के लिए सरकारी विभागों पर भी शिकंजा कसेगा। बंद और खराब मीटरों की पहचान कर उन्हें बदला जाएगा। मीटर से छेड़छाड़ करने वाले उपभोक्ताओं पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। निगम के प्रबंध निदेशक ने सभी सर्कल महाप्रबंधकों को इस संबंध में सख्त निर्देश दिए हैं। प्रत्येक सब डिविजन में एसडीओ और जेई की जवाबदेही भी तय की गई है।
भिवानी सर्कल में भिवानी और चरखी दादरी जिले के 418 से अधिक गांव शामिल हैं। यहां पुनर्निर्मित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत बिजली फीडरों को मजबूत करने का काम चल रहा है। भिवानी जिले के 181 फीडरों में से 170 पर काम पूरा हो चुका है जबकि 11 फीडर अभी अधूरे हैं।
चरखी दादरी जिले के 60 फीडरों में से 54 पर काम पूरा हो चुका है और छह फीडरों का काम बाकी है। इन कार्यों के तहत नई बिजली केबल डालने, खंभे लगाने और ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने सहित अन्य कार्य किए जा रहे हैं। निगम ने निर्माण एजेंसी को दिसंबर तक सभी काम पूरे करने की हिदायत दी है। देरी को लेकर एजेंसी को नोटिस भी जारी किए गए हैं।
निगम अधिकारियों को बकाया बिलों की वसूली के लिए गांव-गांव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान बंद पड़े मीटरों की पहचान और खराब मीटरों को बदलने पर भी जोर रहेगा। बिजली चोरी रोकने के लिए टीमें उपभोक्ताओं के मीटरों की जांच करेंगी। मीटर से छेड़छाड़ के मामले सामने आने पर उन्हें लैब में भेजकर जांच कराई जाएगी। जानबूझकर मीटर टैंपर करने की पुष्टि होने पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। जुर्माना जमा नहीं कराने पर संबंधित उपभोक्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो सकती है।
सरकारी विभागों पर 68.63 करोड़ रुपये बकाया
भिवानी सर्कल में सरकारी विभागों के 148 बिजली कनेक्शन कटे हुए हैं। इन पर छह करोड़ 45 लाख रुपये का बकाया है। इसके अलावा सरकारी विभागों के 1949 बिजली कनेक्शन चालू हैं, जिन पर 62 करोड़ 18 लाख रुपये की राशि लंबित है। निगम प्रबंधन ने निजी उपभोक्ताओं के साथ सरकारी विभागों से भी बकाया बिलों की वसूली तेज करने के निर्देश दिए हैं। अब निगम अधिकारियों को सरकारी विभागों से भी लंबित राशि वसूलनी होगी।
छह माह में बदले 1713 खराब मीटर
भिवानी सर्कल की सभी 17 सब डिविजनों में पिछले छह माह के दौरान 1713 खराब बिजली मीटर बदले गए हैं। ये वे मीटर थे, जिनके उपभोक्ताओं को लंबे समय से औसत खपत के आधार पर बिल जारी किए जा रहे थे। मीटर बदलने के बाद अब इन कनेक्शनों पर वास्तविक बिजली खपत के अनुसार बिल तैयार होंगे। निगम की ओर से करीब 600 अन्य खराब मीटर बदलने की भी तैयारी की जा रही है।
दिसंबर तक आरडीएसएस के तहत फीडर सुदृढ़ीकरण के सभी अधूरे काम पूरे कराने के लिए निर्माण एजेंसी को सख्त निर्देश दिए गए हैं। देरी पर एजेंसी को नोटिस जारी किए हैं। सरकारी विभागों से बकाया बिलों की वसूली में तेजी लाई जाएगी। प्रत्येक सब डिविजन में बिजली चोरी पकड़ने और खराब मीटर बदलने का काम बड़े स्तर पर होगा। इसके लिए एसडीओ और जेई की जवाबदेही तय की गई है। – जितेंद्र ढूल, अधीक्षक अभियंता, भिवानी सर्कल, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम।
