Bulandshahar News:गैंगस्टर एक्ट के दोषी को दो साल की कैद, पांच हजार अर्थदंड – Convict Under Gangster Act Sentenced To Two Years’ Imprisonment And A Fine Of Five Thousand
बुलंदशहर। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय व स्पेशल जज गैंगस्टर कोर्ट तबरेज अहमद ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में दोषी को दो वर्ष के कारावास और पांच हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड अदा न करने पर दोषी को अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, गाजियाबाद जनपद के कस्बा व थाना मसूरी स्थित जाफर कॉलोनी ढोलक वाली मस्जिद के पास निवासी वकील ने वर्ष 2024 में अपना एक संगठित गिरोह बनाया था। आरोपी अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल पैदा कर अवैध रूप से आर्थिक लाभ अर्जित करने की आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था।
इस मामले में अगौता थाना पुलिस ने 30 सितंबर 2024 को आरोपी वकील के खिलाफ धारा 2/3 गैंगस्टर अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने मामले की विवेचना पूरी करने के बाद 18 सितंबर 2025 को न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया था। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से कोर्ट में ठोस साक्ष्य और गवाह पेश किए गए। बुधवार को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद न्यायाधीश ने आरोपी वकील को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई।
