रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Chandigarh News:पश्मीना के धागों में बुनी कश्मीर की पीड़ा, मंच पर दिखा विस्थापन का दर्द – The Anguish Of Kashmir Woven Into Pashmina Threads; The Pain Of Displacement Brought To The Stage
चंडीगढ़

Chandigarh News:पश्मीना के धागों में बुनी कश्मीर की पीड़ा, मंच पर दिखा विस्थापन का दर्द – The Anguish Of Kashmir Woven Into Pashmina Threads; The Pain Of Displacement Brought To The Stage

November 23, 2026


टीएफटी विंटर नेशनल थिएटर फेस्टिवल में बिहार के कलाकारों ने किया नाटक का मंचन, मानवीय रिश्तों और बिछोह की कहानी ने दर्शकों को किया भावुक

संवाद न्यूज एजेंसी

चंडीगढ़। पश्मीना सिर्फ एक कीमती शॉल नहीं, बल्कि कश्मीर की पहचान, परंपरा और पीढ़ियों से चले आ रहे कारीगरों के हुनर का प्रतीक है। इसके हर धागे में कारीगरों की मेहनत के साथ कई यादें और भावनाएं भी जुड़ी हैं। इसी खूबसूरत विरासत और विस्थापन के दर्द को नाटक ””पश्मीना”” के जरिए कलाकारों ने मंच पर जीवंत कर दिया।

टैगोर थिएटर में आयोजित 21वें टीएफटी विंटर नेशनल थिएटर फेस्टिवल-2026 के दूसरे दिन बिहार के बेगूसराय स्थित आशीर्वाद रंगमंडल ने नाटक का मंचन किया। मृणाल माथुर की लिखी इस प्रस्तुति का निर्देशन डॉ. अमित रोशन ने किया। नाटक में दिखाया गया कि अपनी जमीन और अपनों से दूर होने का दर्द किसी इंसान की पहचान और यादों को किस तरह प्रभावित करता है।

कहानी में पश्मीना बनाने वाले कारीगरों की पीढ़ियों की मेहनत, धैर्य और उनकी कला से जुड़े भावनात्मक रिश्तों को भी उभारा गया। पात्रों के संवाद और मौन दोनों ने दर्शकों को प्रभावित किया। प्रस्तुति ने यह संदेश दिया कि दुख और बिछोह का कोई धर्म या जाति नहीं होता। अपनों को खोने की पीड़ा हर इंसान के लिए एक जैसी होती है। नाटक में मोहित मोहन, सचिन कुमार, रिंटू कुमारी, डॉ. कृष्ण कुमार, शुभम कुमार, बिट्टू कुमार और राम कुमार ने अलग-अलग भूमिकाएं निभाईं।

बॉक्स : आज मंटो की कहानियों पर आधारित नाटक अजीयत

फेस्टिवल के तीसरे दिन 23 नवंबर को टीएफटी, चंडीगढ़ की ओर से नाटक अजीयत का मंचन किया जाएगा। यह प्रस्तुति मशहूर उर्दू साहित्यकार सआदत हसन मंटो की कहानियों पर आधारित है। इसका नाट्य रूपांतरण प्रीत भुल्लर ने किया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X