Chandigarh News:वीआईपी सेक्टर में रहते हैं बादल समेत कई दिग्गज, सड़कें बदहाल; पार्कों से लेकर पार्किंग तक समस्याओं का अंबार – Many Prominent Figures, Including Badal, Reside In The Vip Sector, Yet The Roads Are In A Dilapidated State; There Is A Multitude Of Problems, Ranging From The Condition Of Parks To Parking Facilities
सेक्टर-9 में सेंट्रल क्लब के सामने पार्क का रखरखाव ठीक नहीं, रिहायशी मकानों की ओर जाने वाली सड़क महीनों से खराब
सेक्टर-10 में डीएवी कॉलेज के पीछे सड़क बदहाल, मार्केट में पार्किंग की किल्लत से स्थानीय लोग परेशान
सेक्टर-7 में कूड़े के ढेर और देर रात तक क्लबों में बजते तेज संगीत से लोगों की नींद प्रभावित
लोगों ने गिनाईं समस्याएं, बोले- वीआईपी वार्ड का दर्जा मिला लेकिन बुनियादी सुविधाओं का इंतजार
पार्षद का दावा- 15 दिन में बनेगी सेक्टर-9 की सड़क, सेक्टर-7 में पार्क बनाने का प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। शहर के वीआईपी सेक्टरों में शुमार सेक्टर-9 में पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल समेत देश की राजनीति से जुड़ी कई हस्तियां और बड़े कारोबारी रहते हैं। इसके बावजूद इस सेक्टर की सड़कें बदहाली का शिकार हैं। सेंट्रल क्लब के सामने स्थित पार्क का रखरखाव भी ठीक से नहीं हो रहा। हालात ऐसे हैं कि वीआईपी पहचान वाले इस इलाके के निवासी बुनियादी सुविधाओं के लिए प्रशासन की ओर देख रहे हैं। यही नहीं, वार्ड नंबर-2 के सेक्टर-7 और 10 में भी सड़क, सफाई, पार्किंग और शोर-शराबे की समस्याएं लोगों की रोजमर्रा की परेशानी बनी हुई हैं।
महीनों से सड़क खराब, पार्क की सुध लेने वाला कोई नहीं
सेक्टर-9 निवासी कंवरजीत कौर ने बताया कि सेंट्रल क्लब से रिहायशी मकानों की ओर जाने वाली सड़क कई महीनों से खराब है। इसकी मरम्मत नहीं करवाई गई। देश के सबसे पुराने सेंट्रल क्लब के सामने बने पार्क का रखरखाव भी संतोषजनक नहीं है। वहीं, सेक्टर-10 में डीएवी कॉलेज के पीछे की सड़क भी बदहाल है।
कूड़े से परेशानी, रात में तेज संगीत से उड़ती नींद
सेक्टर-7 में सफाई व्यवस्था को लेकर लोग परेशान हैं। रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य अनिल भारद्वाज ने बताया कि सरकारी स्कूल के पास खुले क्षेत्र में कूड़ा पड़ा रहता है। इससे आसपास के निवासियों को परेशानी होती है। इसके अलावा मध्य मार्ग पर शोरूमों में चलने वाले क्लब और रेस्टोरेंट देर रात तक पार्टियां करते हैं। तेज संगीत के कारण आसपास के घरों में रहने वाले लोगों की नींद प्रभावित होती है।
मार्केट अपनी, लेकिन गाड़ियों की भीड़ में खरीदारी मुश्किल
सेक्टर-10 रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान मंजीत सिंह ने बताया कि सेक्टर में पार्किंग की समस्या गंभीर है। शाम के समय मार्केट से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। स्थानीय निवासी अपने ही सेक्टर की मार्केट में खरीदारी के लिए गाड़ियों की भीड़ के कारण आसानी से नहीं पहुंच पाते।
वार्ड से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके एचएस लक्की ने कहा कि वार्ड को वीआईपी कहा जाता है, लेकिन जमीनी हालात अलग हैं। सेक्टर-9 की सड़कों से लेकर पार्कों के रखरखाव और शोरूमों के पीछे पार्किंग तक कई समस्याएं हैं।
पार्षद बोले- जल्द सुधरेंगे हालात
पार्षद महेशइंद्र सिद्धू ने बताया कि सेक्टर-9 के वीआईपी इलाके की सड़क बनाने का काम चल रहा है। अगले 15 दिनों में यह पूरा हो जाएगा। सेक्टर-10 की सड़क की रीकारपेटिंग भी जल्द करवाई जाएगी। सेक्टर-9, 10 और 8 गेड़ी रूट होने के कारण यहां वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। शाम के समय वन-वे व्यवस्था लागू करने के लिए प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के साथ बैठक की जाएगी। सेक्टर-7 में जहां कूड़ा जमा होता है, वहां आसपास के क्षेत्र के साथ पार्क बनाने का प्रस्ताव है। इसके बाद वहां कूड़ा डालना बंद हो जाएगा।
ऐसा हो अपना पार्षद
सड़कों की बदहाली पर तुरंत कार्रवाई करने वाला।
ट्रैफिक और पार्किंग का स्थायी समाधान निकालने वाला।
सफाई और कचरा प्रबंधन को प्राथमिकता देने वाला।
देर रात तक होने वाले शोर-शराबे पर लगाम लगाने वाला।
पार्कों और हरियाली का नियमित रखरखाव करवाने वाला।
स्थानीय लोगों और आरडब्ल्यूए की समस्याएं सुनने वाला।
वीआईपी दिखावे के बजाय जमीनी काम करने और वादे समय पर पूरे करने वाला।
