रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
चरखी दादरी

Charkhi Dadri News:खेल मैदान में दमखम दिखाएंगी ग्रामीण महिलाएं, आज से खंड स्तरीय प्रतियोगिता – Block Level Sports From Today

November 26, 2026


…17 से 30 वर्ष और 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की महिलाओं के लिए होंगी अलग-अलग स्पर्धाएं, खंड स्तर की विजेताओं को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का मिलेगा अवसर

संवाद न्यूज एजेंसी

चरखी दादरी। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 26 नवंबर को खंड स्तरीय ग्रामीण महिला खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी, चरखी दादरी प्रथम एवं द्वितीय के सौजन्य से यह आयोजन एससीआर स्कूल परिसर में होगा। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों की महिलाएं अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रत्येक स्पर्धा में प्रथम स्थान हासिल करने वाली प्रतिभागी का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।

प्रतियोगिता में 17 से 30 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं के लिए पांच किलोमीटर साइकिल दौड़, 300 मीटर और 400 मीटर दौड़ आयोजित की जाएगी। वहीं, 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की प्रतिभागियों के लिए 100 मीटर दौड़, चक्का फेंक और संगीत कुर्सी प्रतियोगिता करवाई जाएगी। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने के साथ उनकी शारीरिक दक्षता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता में भाग लेने की इच्छुक महिलाएं 26 नवंबर को एससीआर स्कूल परिसर में अपना पंजीकरण करवा सकती हैं। इसके लिए जन्म प्रमाण पत्र, दसवीं कक्षा का प्रमाण पत्र अथवा आधार कार्ड की छायाप्रति आयु प्रमाण के रूप में जमा करवानी होगी।

प्रथम विजेता को 2100 रुपये का पुरस्कार

विभाग में सहायक कामना देवी ने बताया कि प्रत्येक स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागी को 2100 रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाली महिला को 1100 रुपये तथा तृतीय स्थान हासिल करने वाली को 750 रुपये का प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जाएगा। पांच किलोमीटर साइकिल दौड़ में शामिल होने वाली महिलाओं को अपनी साइकिल स्वयं लानी होगी। विभाग ने ग्रामीण महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X