रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
चरखी दादरी

Charkhi Dadri News:21 बच्चे येलो श्रेणी में, किसी के दिल में छेद तो किसी का शारीरिक विकास कम – 21 Children Fall Into The ‘yellow’ Category; Some Have A Hole In Their Heart, While Others Show Stunted Physical Development

November 23, 2026


चरखी दादरी। जिले में कुपोषण की समस्या बच्चों के स्वास्थ्य और शारीरिक विकास के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। जिले की आंगनबाड़ियों में 21 बच्चे येलो श्रेणी में चिह्नित किए गए हैं। इनमें किसी बच्चे के हृदय में छेद है तो किसी का शारीरिक विकास सामान्य गति से नहीं हो पा रहा है।

इन बच्चों का वजन भी उनकी उम्र और लंबाई के अनुपात में सामान्य से कम है। इसके चलते ये बच्चे सामान्य श्रेणी के बच्चों की तुलना में शारीरिक गतिविधियों और विकास के विभिन्न पड़ावों में पीछे रह रहे हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से इन बच्चों के स्वास्थ्य की जांच करवाने के साथ चिकित्सकीय परामर्श और खानपान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि उन्हें कुपोषण से बाहर निकालकर सामान्य श्रेणी में लाया जा सके।

35 हजार बच्चे पंजीकृत : जिले में छह वर्ष तक की आयु के बच्चों के लिए 634 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इनमें करीब 35 हजार बच्चे पंजीकृत हैं। इतनी बड़ी संख्या में बच्चों की पोषण संबंधी स्थिति पर नजर रखना विभाग के लिए भी महत्वपूर्ण चुनौती है। येलो श्रेणी में शामिल बच्चों को स्वास्थ्य केंद्रों में भेजकर उनकी जांच करवाई जाती है। चिकित्सकों की सलाह के अनुसार बच्चों के खानपान में जरूरी बदलाव किए जाते हैं और उन्हें पोषक तत्वों से भरपूर आहार देने पर जोर दिया जाता है।

फास्ट फूड के बढ़ते चलन से बिगड़ रहा खानपान : बच्चों में कुपोषण की एक बड़ी वजह खानपान की बदलती आदतें भी मानी जा रही हैं। आजकल बच्चे पौष्टिक भोजन की बजाय फास्ट फूड और जंक फूड को अधिक पसंद कर रहे हैं। बर्गर, चाउमीन, समोसा, पाव भाजी और पिज्जा जैसे खाद्य पदार्थ बच्चों की पसंद में शामिल होते जा रहे हैं। तले-भुने और अधिक वसा वाले खाद्य पदार्थों के नियमित सेवन से शरीर को जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते। इससे पेट और पाचन संबंधी समस्याएं भी बढ़ सकती हैं।

कई चीजों पर पड़ता है असर : कुपोषण का सीधा संबंध बच्चे की उम्र और लंबाई के अनुपात में वजन कम होने से है। इसका असर केवल शारीरिक विकास तक सीमित नहीं रहता, बल्कि बच्चे के भावनात्मक, मानसिक और बौद्धिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। आगे चलकर ऐसे बच्चों को पढ़ाई और कक्षा की गतिविधियों में भी अपनी उम्र के अन्य बच्चों की तुलना में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X