टूंडला। लखनऊ से दिल्ली जा रही रही गोमती एक्सप्रेस में सवार एक यात्री चलती ट्रेन से टूंडला स्टेशन परिक्षेत्र में गिर गया। उसके बाएं हाथ का पंजा कट गया तथा कंधे में गंभीर चोट आई है। रेलवे सुरक्षा बल ने उसे टूंडला के अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
लखनऊ के पिंक सिटी, मोहन रोड निवास शोभित सिंह (39) सोमवार को गोमती एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहे थे। ट्रेन दोपहर 12:15 बजे टूंडला स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। टूंडला-मितावली स्टेशन के मध्य खंभा नंबर 1249/33 के पास दरवाजे पर खड़े शोभित अचानक ट्रेन से गिर गए तथा उनके हाथ का पंजा कट गया। कंधे में गंभीर चोट लगने घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर आरपीएफ पहुंच गई।
आरपीएफ ने एंबुलेंस से घायल रेलयात्री को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टूंडला भेजा। आरपीएफ कंपनी कमांडर अवधेश गोस्वामी ने बताया कि ट्रेन से गिरे रेल यात्री को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है। वह ट्रेन के किस कोच में थे और कैसे गिरे इसकी जांच की जा रही है। उनके परिजन को घटना की जानकारी दे दी गई है।