गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम क्षेत्र के गांव दुहाई में 16 नवंबर को कुआं पूजन समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने दोस्त के बेटे के कुआं पूजन में शामिल होने के दौरान पिस्टल से फायरिंग की थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल देशी पिस्टल और एयरगन बरामद की है।
एसीपी कविनगर शुचिता सिंह ने बताया कि 16 नवंबर को सोशल मीडिया पर कुआं पूजन समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल हुआ था। जांच में पता चला कि वायरल वीडियो मधुबन बापूधाम क्षेत्र के गांव दुहाई का है। इसके बाद पुलिस ने मामले में जांच कर केस दर्ज किया। पुलिस ने गुरुवार को मामले में कार्रवाई करते हुए बुलंदशहर के हंस विहार निवासी मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि 16 नवंबर को वह अपने दोस्त विक्रांत निवासी खेड़ी सैदपुर बीबीनगर बुलंदशहर के साथ दुहाई गांव आया था। यहां विक्रांत के दोस्त अंकित त्यागी के बेटे का कुआं पूजन समारोह था। समारोह में अंकित त्यागी का गार्ड करन उर्फ अंग्रेज भी मौजूद था। समारोह के दौरान गार्ड करन उर्फ अंग्रेज ने अपनी एयरगन से फायरिंग कर दी। उसे फायरिंग करते देखकर उसने भी अपना रौब जमाने के लिए देशी पिस्टल से गोली चलाई। इस दौरान किसी ने फायरिंग का वीडियो बना लिया, जो कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।