Hamirpur (himachal) News:पांच लाख का चेक बाउंस होने पर एक साल की कैद, नौ लाख जुर्माना – One-year Imprisonment And A Fine Of Nine Lakh Rupees For The Bouncing Of A Five-lakh-rupee Cheque
हमीरपुर। जमीन की खरीद-फरोख्त के मामले में पांच लाख रुपये का चेक बाउंस होने पर अदालत ने आरोपी को एक साल की साधारण कैद और नौ लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना अदा नहीं करने पर आरोपी को छह माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी।
जुर्माने की राशि वसूल होने पर शिकायतकर्ता को मुआवजे के रूप में दी जाएगी। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी न्यायालय नंबर एक हमीरपुर के न्यायाधीश रवि ने 17 नवंबर को यह फैसला सुनाया।
लगदेवी निवासी राजिंदर कुमार ने बाहल निवासी संदीप कुमार के खिलाफ चेक बाउंस होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार दिसंबर 2024 में दोनों के बीच जमीन की खरीद-फरोख्त का समझौता हुआ था।
जमीन का सौदा 33.50 लाख रुपये में तय हुआ और पांच लाख रुपये अग्रिम राशि के रूप में दिए गए। समझौते के अनुसार 31 मार्च 2025 तक जमीन की रजिस्ट्री होनी थी। ऐसा नहीं होने पर अग्रिम राशि की दोगुनी रकम लौटाने की शर्त रखी गई थी।
शिकायतकर्ता का आरोप था कि निर्धारित तारीख को वह तहसील कार्यालय में शाम पांच बजे तक इंतजार करता रहा, लेकिन आरोपी रजिस्ट्री करवाने नहीं पहुंचा। बाद में आरोपी ने अग्रिम राशि लौटाने के लिए दो मई 2025 को पांच लाख रुपये का चेक दिया।
शिकायतकर्ता ने चार जून को चेक बैंक में लगाया तो खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण वह बाउंस हो गया। इसके बाद 12 जून को आरोपी को कानूनी नोटिस भेजा गया, लेकिन उसने न तो भुगतान किया और न ही नोटिस का जवाब दिया।
अदालत ने शिकायतकर्ता के बयान और प्रस्तुत दस्तावेजों को आधार मानते हुए आरोपी को दोषी करार दिया। बचाव में आरोपी ने दलील दी थी कि वह जमीन मालिकों की ओर से एजेंट के रूप में काम कर रहा था और उसकी व्यक्तिगत देनदारी नहीं बनती।
हालांकि, अदालत ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया। चेक पर एजेंट के तौर पर हस्ताक्षर करने का कोई उल्लेख नहीं था और आरोपी अपने बचाव में कोई साक्ष्य भी पेश नहीं कर सका।
