Hamirpur News:हत्या के दोषी पिता को आजीवन कारावास – Father Convicted Of Murder Sentenced To Life Imprisonment
हमीरपुर। जमीन बंटवारे और रुपये मांगने पर पिता ने खेत पर सोते समय पहली पत्नी के नाबालिग बेटे की गोली मारकर हत्या करने के मामले में कोर्ट ने फैसला सुनाया है। एडीजे प्रथम अफशां की अदालत ने दोषी बृषभान निषाद को उम्रकैद की सजा सुनाई है। साथ ही 55 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। जुर्माना अदा न करने पर तीन माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।
चिकासी थानाक्षेत्र के गड़हर गांव निवासी किशोर के चाचा रामसजीवन ने पुलिस को चार जुलाई 2018 को शिकायती पत्र दिया था। बताया था कि उनके भाई ने जमीन बंटवारे और रुपये मांगने पर बेटे की हत्या कर दी है।
भाई की पहली पत्नी पानादेवी और दूसरी छाया थी। उनके पास करीब छह बीघा जमीन थी। दूसरी पत्नी के आने के बाद पहली पत्नी को भाई ने ठुकरा दिया था। वह मायके में रहने लगी थीं। घटना के एक सप्ताह पूर्व उनका बड़ा बेटा (पाना देवी का बेटा) लक्ष्मी (14) दिल्ली से घर लौटा था। चार जुलाई 2018 को वह गांव से कुछ दूर खेत पर बने कमरे में सो रहा था। इस बीच सुबह करीब छह बजे बृषभान खेत पर पहुंचा और सोते समय बेटे को तमंचे से गोली मार दी। गोली कंधे में लगी और बेटा जान बचाने के लिए वहां से भागा। बृषभान ने करीब 200 मीटर पीछा कर कुल्हाड़ी से उसपर कई वार कर मौत के घाट उतार दिया था।
पुलिस ने मामले की जांच और शिकायत के आधार पर हत्यारोपी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर आरोप पत्र कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
बहन की शादी के लिए मांगे थे रुपये
लक्ष्मी अपनी बहन रजनी की शादी के लिए कई महीनों से परेशान था। घटना से एक सप्ताह पहले वह गड़हर गांव गया था। उसने पिता से बहन की शादी के लिए रुपयों की मांग की थी। बाप-बेटे में विवाद हो गया। पिता ने शादी के लिए रुपये देने से मना कर दिया था। यह भी बताया जाता है कि दोषी की दूसरी पत्नी जमीन पर अपना पूरा कब्जा करने के लिए पहली पत्नी के पुत्रों को रास्ते से हटाना चाह रही थी। उसी के उकसाने पर उसने अपने बेटे की हत्या की।
