Honda CB500 या Triumph Bonneville T40? ₹3 लाख से कम में कौन सी बाइक बेस्ट, जानिए
Honda CB500 vs Triumph Bonneville T40: इंडियन टू-व्हीलर मार्केट में रेट्रो-मॉडर्न बाइक्स का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है और इसी सेगमेंट में हाल ही में लॉन्च हुई Honda CB500 और Triumph Bonneville T40 के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है. कीमत की बात करें तो Honda CB500 की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 2.75 लाख रुपये है, जो इसके टॉप वेरिएंट के लिए 3.02 लाख रुपये तक जाती है.
दूसरी ओर, Triumph Bonneville T40 के स्टैंडर्ड और ब्लैक वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 2,79,999 रुपये रखी गई है, जबकि इसका बेस वेरिएंट T4 2,54,999 रुपये में उपलब्ध है. लगभग एक ही प्राइस ब्रैकेट में आने के कारण खरीदारों के लिए दोनों में से किसी एक को चुनना काफी दिलचस्प हो गया है. आइए इनकी डिजाइन, फीचर्स, सेफ्टी और इंजन परफॉर्मेंस के बारे में जानते हैं.
डिजाइन और हार्डवेयर
डिजाइन के मामले में दोनों ही बाइक्स क्लासिक रोडस्टर लुक देती हैं. Honda CB500 में कंपनी की बड़ी CB बाइक्स से इंस्पायर्ड रेट्रो स्टाइलिंग, राउंड LED हेडलैंप और 15.2 लीटर का मस्कुलर फ्यूल टैंक मिलता है. ये एलॉय और क्रॉस-स्पोक ट्यूबलेस व्हील्स के विकल्प में आती है और इसका कर्ब वेट 189 किलोग्राम है.
वहीं, Triumph Bonneville T40 आइकॉनिक बोनविल सिलुएट के साथ आती है. इसमें 18-इंच फ्रंट और 17-इंच रियर वायर-स्पोक रिम्स (ट्यूब टायर्स के साथ), 14.5 लीटर का टैंक और 790 mm की आसान सीट हाइट दी गई है. इसका कर्ब वेट 195 किलोग्राम है.
फीचर्स और सेफ्टी
फीचर्स के मोर्चे पर ट्रायम्फ बोनविल T40 काफी आगे नजर आती है. इसमें 4-इंच का सर्कुलर TFT डिस्प्ले, फुल-स्क्रीन मैप मिररिंग, क्रूज कंट्रोल और तीन राइडिंग मोड्स (Eco, Rain, Road) मिलते हैं. सेफ्टी के लिए T40 में लीन-सेंसिटिव डुअल-चैनल ABS और स्लिप-एंड-असिस्ट क्लच दिया गया है.
इसके विपरीत, Honda CB500 में एनालॉग-डिजिटल LCD कंसोल के साथ होंडा रोडसिंक ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन मिलता है. सेफ्टी के लिए होंडा की बाइक में डुअल-चैनल ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल और स्लिप-एंड-असिस्ट क्लच दिया गया है, लेकिन इसमें राइडिंग मोड्स और क्रूज कंट्रोल की कमी खलती है.
इंजन और परफॉरमेंस
इंजन के मामले में दोनों बाइक्स की फिलॉसफी बिल्कुल अलग है. Honda CB500 में 501.7cc का बड़ा एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन लगा है, जो 5,250 rpm पर 27.7 bhp (28.1 PS) की पावर और महज 3,750 rpm पर 43.3 Nm का जबरदस्त टॉर्क जनरेट करता है. इसमें 5-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है, जो लो-एंड टॉर्क और आरामदायक क्रूजिंग के लिए बेहतरीन है.
वहीं, Triumph Bonneville T40 में 349cc का लिक्विड-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर इंजन है, जो 7,000 rpm पर 28.6 bhp की पावर और 5,500 rpm पर 31 Nm का टॉर्क देता है. 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ ये इंजन हाई-रेविंग और तेज रफ्तार के लिए बेहतर ट्यून किया गया है.
किसे खरीदना सही: अगर आपको भारी-भरकम लो-एंड टॉर्क और ट्यूबलेस टायर्स वाली क्लासिक क्रूजर चाहिए, तो Honda CB500 बेहतर विकल्प है. लेकिन, अगर आप मॉडर्न TFT स्क्रीन, क्रूज कंट्रोल और 6-स्पीड गियरबॉक्स चाहते हैं, तो Bonneville T40 आपके लिए सही रहेगी.
