Kaithal News:आईटीआई में बनेंगे स्पोर्ट्स, आर्ट और सोशल सर्विस क्लब – Sports, Art, And Social Service Clubs Will Be Set Up At The Iti
कैथल। प्रदेश के राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में अब विद्यार्थियों को तकनीकी प्रशिक्षण के साथ खेल, कला और सामाजिक गतिविधियों से भी जोड़ा जाएगा। इसके लिए सभी आईटीआई में स्पोर्ट्स क्लब, आर्ट क्लब और सोशल सर्विस क्लब गठित किए जाएंगे। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के निदेशक ने इस संबंध में सभी संस्थानों के मुखियाओं को निर्देश जारी किए हैं। इन क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित की जाएगी।
स्पोर्ट्स क्लब में होंगी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं
स्पोर्ट्स क्लब के तहत क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी और खो-खो जैसी प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। इसके अलावा शतरंज, कैरम और टेबल टेनिस जैसे इनडोर खेल भी शामिल होंगे। विद्यार्थियों की फिटनेस के लिए योग, प्राणायाम, एरोबिक्स और जुंबा गतिविधियां आयोजित की जा सकेंगी। एथलेटिक्स में दौड़, रिले रेस, लंबी कूद और ऊंची कूद जैसी प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी।
आर्ट क्लब में दिखेगी विद्यार्थियों की रचनात्मकता
आर्ट क्लब के माध्यम से ड्राइंग, स्केचिंग, पेंटिंग और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। विद्यार्थियों को मिट्टी के बर्तन बनाना, पेपर क्राफ्ट, ओरिगामी और दीया सजावट जैसी कलाओं का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। संस्थानों की दीवारों पर शिक्षाप्रद चित्रकारी करवाने के साथ साल में एक बार कला प्रदर्शनी आयोजित करने की योजना है।
समाज सेवा के कार्यों से जुड़ेंगे विद्यार्थी
सोशल सर्विस क्लब के तहत जरूरतमंदों के लिए पुराने कपड़े, किताबें, खिलौने और स्टेशनरी एकत्रित करने के अभियान चलाए जाएंगे। विद्यार्थी गांवों और मोहल्लों में स्वच्छता अभियान चलाने के साथ बुजुर्गों और बच्चों की मदद करेंगे। इसके अलावा वृद्धाश्रम और अनाथालयों का भ्रमण, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण, सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम और रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जा सकेंगे।
तकनीकी प्रशिक्षण के साथ व्यक्तित्व विकास पर जोर : जगमोहन
आईटीआई के जिला नोडल अधिकारी एवं राजकीय आईटीआई कैथल के प्रधानाचार्य जगमोहन ने बताया कि तीनों क्लबों के गठन से विद्यार्थियों को अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुसार गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इससे उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, आपसी सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी।

आईटीआई में प्रशिक्षण प्राप्त करते विद्यार्थी। विज्ञप्ति
