Kannauj News:डीसीएम में टक्कर मारने वाले कंटेनर में मिले 30 गोवंश – 30 Heads Of Cattle Found In The Container That Collided With A Dcm Truck
तालग्राम। डीसीएम में टक्कर मारने वाले कंटेनर से पुलिस ने 30 गोवंश बरामद किए। कंटेनर छोड़ कर चालक-हेल्पर मौके से भाग गए थे। पुलिस ने गोवंश को गोशाला भिजवाने के साथ ही पशु क्रूरता अधिनियम के तहत अज्ञात कंटेनर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मुंडाला गांव के पास सोमवार सुबह मैनपुरी से सरसों तेल लेकर जा रही डीसीएम में कंटेनर ने टक्कर मार दी थी। इसमें जिला मैनपुरी के थाना बरनाहल के गांव सोथरा निवासी डीसीएम चालक अवधेश की मौत हो गई थी। हादसे के बाद चालक कंटेनर छोड़कर मौके से भाग निकला था।
सूचना पर थाना पुलिस और यूपीडा टीम पहुंची थी। पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली, तो उसमें 30 गोवंश मिले। इस मामले में चौकी प्रभारी रोहली उप निरीक्षक राहुल ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कंटेनर और अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
बरामद गोवंश को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए पुलिस ने अधिकारियों को सूचना दी। एडीएम के निर्देश पर सभी गोवंश को गोशाला भेज दिया गया। थाना प्रभारी रंजना पांडेय ने बताया कि कंटेनर के पंजीकरण नंबर और अन्य जानकारियों के आधार पर चालक की तलाश की जा रही। कंटेनर को सीज कर दिया गया है।
