Kanpur News:सीएसजेएमयू…31 केंद्रों पर होगा उत्तर पुस्तिकाओं का डिजिटल मूल्यांकन – Csjmu… Digital Evaluation Of Answer Scripts To Take Place At 31 Centres
कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) से संबद्ध महाविद्यालयों की परीक्षाओं की कॉपियों का डिजिटल मूल्यांकन एक दिसंबर से शुरू होगा। इसके लिए सात जिलों में 31 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 17 केंद्र कानपुर नगर में हैं। मूल्यांकन की शुरुआत स्नातक कला संकाय और परास्नातक कला एवं विज्ञान संकाय के विषयों से होगी। परीक्षा परिणाम समय से जारी करने के लिए इस वर्ष पांच अतिरिक्त केंद्र भी बनाए गए हैं।
विश्वविद्यालय से संबद्ध 600 से अधिक महाविद्यालयों के करीब साढ़े चार लाख छात्र-छात्राओं की परीक्षाएं 399 केंद्रों पर कराई जा रही हैं। इसकी कॉपियों के मूल्यांकन के लिए कानपुर नगर में डीएवी कॉलेज, एसएन सेन पीजी कॉलेज, महिला महाविद्यालय, अर्मापुर पीजी कॉलेज, पीएसआईटी, कानपुर विद्या मंदिर पीजी कॉलेज, ब्रह्मावर्त डिग्री कॉलेज मंधना, ब्रह्मानंद पीजी कॉलेज, क्राइस्टचर्च पीजी कॉलेज, वीएसएसडी कॉलेज, एसजे महाविद्यालय रमईपुर, पीपीएन कॉलेज, डीजी कॉलेज और आचार्य नरेंद्र देव महिला महाविद्यालय को केंद्र बनाया गया है।
वहीं कानपुर देहात में अकबरपुर डिग्री कॉलेज, औरैया में तिलक महाविद्यालय, जनता महाविद्यालय अजीतमल और वीजीएम डिग्री कॉलेज दिबियापुर, इटावा में केके पीजी कॉलेज और जनता कॉलेज बकेवर, फर्रुखाबाद में डीएन पीजी कॉलेज और बद्री विशाल पीजी कॉलेज को केंद्र बनाया है। कन्नौज में पीएसएम पीजी कॉलेज और नेहरू पीजी कॉलेज छिबरामऊ तथा उन्नाव में कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, श्री विश्वंभर दयाल त्रिपाठी राजकीय महाविद्यालय रूरी, राजकीय महाविद्यालय लोटनपुरवा व इंदिरा गांधी राजकीय पीजी कॉलेज बांगरमऊ को केंद्र बनाया गया है। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने बताया कि डिजिटल मूल्यांकन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्धारित केंद्रों पर शिक्षक पहुंचकर कॉपियों का मूल्यांकन कर सकते हैं।
