रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
महेंद्रगढ़-नारनौल

Mahendragarh-narnaul News:बीएलओ और एसआईआर ड्यूटी के चलते शिक्षकों का योग प्रशिक्षण स्थगित – Yoga Training For Teachers Postponed Due To Blo And Sir Duties

November 26, 2026


नारनौल। हरियाणा में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और बीएलओ ड्यूटी के चलते प्राथमिक शिक्षकों के योग प्रशिक्षण कार्यक्रम पर असर पड़ा है। शिक्षकों की चुनाव संबंधी जिम्मेदारियों को देखते हुए स्कूल शिक्षा निदेशालय ने 23 से 30 नवंबर तक प्रस्तावित योग प्रशिक्षण को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत महेंद्रगढ़ जिले में भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।

जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा ने बताया कि 23 नवंबर को जारी पत्र के अनुसार प्रदेश के स्टैंड अलोन राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत पीआरटी शिक्षकों के लिए 23 से 30 नवंबर तक योग प्रशिक्षण आयोजित किया जाना था। इस दौरान सामने आया कि कई शिक्षकों की ड्यूटी बीएलओ और एसआईआर से जुड़े कार्यों में भी लगाई गई है। ऐसे में शिक्षकों की उपलब्धता और प्रशिक्षण के संचालन में परेशानी आ रही थी।

उन्होंने बताया कि निदेशालय ने स्थिति को देखते हुए नए निर्देश जारी किए हैं। जिन जिलों में प्रशिक्षण शुरू नहीं हुआ है या शिक्षकों की चुनाव संबंधी ड्यूटी लगी हुई है, वहां प्रशिक्षण आगामी आदेश तक स्थगित रहेगा।

20 प्रतिशत ड्यूटी का रखा मानक

जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिन जिलों में 20 प्रतिशत से अधिक प्रशिक्षणार्थियों की बीएलओ या एसआईआर में ड्यूटी लगी है, वहां योग प्रशिक्षण स्थगित रहेगा। वहीं, जिन जिलों में 20 प्रतिशत से कम शिक्षकों की चुनावी ड्यूटी है, वहां प्रशिक्षण पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा। महेंद्रगढ़ जिले में चुनाव संबंधी कार्यों में शिक्षकों की ड्यूटी को देखते हुए प्रशिक्षण स्थगित किया गया है। नए आदेश आने के बाद प्रशिक्षण की आगामी तारीख तय की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X