Mahendragarh-narnaul News:मजबूरी लेकर पहुंचे, मायूसी लेकर लौटे – They Arrived Out Of Necessity, And Returned In Despair
नारनौल। सरकारी दफ्तरों में आमजन की परेशानी दूर करने के लिए बनाए गए समाधान शिविर ही अब लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। यहां फरियादी अपनी समस्या लेकर पहुंचते तो हैं इस उम्मीद के साथ कि शायद इस बार उनकी सुनवाई हो जाएगी लेकिन लौटते समय उनके हाथ फिर आश्वासन ही लगते हैं।
किसी की परिवार पहचान पत्र में गलत आय दर्ज होने से राशन बंद है तो किसी का बीपीएल कार्ड कट चुका है। हैरानी की बात यह है कि कई-कई बार शिकायत देने के बाद भी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
डीसी के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद अधिकारी और कर्मचारी शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता नहीं दिखा रहे। महीनों से सरकारी कार्यालयों के चक्कर काट रहे लोगों की परेशानी देखकर भी व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा।
सोमवार को एक दिव्यांग महिला फर्श पर हाथों के सहारे आगे बढ़ते हुए शिविर में पहुंची। वह अपनी मां के काम के लिए अटेली क्षेत्र से किसी तरह यहां आई थी। महिला ने बताया कि पिछले एक साल से वह समाधान की उम्मीद में शिविरों के चक्कर काट रही है लेकिन हर बार आश्वासन देकर वापस भेज दिया जाता है।
…………….
मैं और मेरे पति दिहाड़ी मजदूर हैं और हमारी आय 50 हजार रुपये से भी कम है लेकिन परिवार पहचान पत्र में आय 3 लाख रुपये तक दर्ज कर दी गई। इससे न तो हर माह राशन नहीं मिल पा रहा और ना ही लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ मिल पा रहा है। अब तक 7 बार समाधान शिविर में आ चुकी है, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला है समाधान नहीं हो पाया। -ऊषा देवी, गांव डेरोली अहीर
………..
पीपीपी में आय अधिक दर्ज होने के कारण मेरी मां व भाई का बीपीएल कार्ड बंद हो गया है। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा। एक वर्ष में समाधान शिविर के कई चक्कर काट चुकी हूं लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो पाया है। आज शिकायत दर्ज करवाई तो कह रहे हैं कि यूपी निवासी मेरी भाभी की एनओसी संबंधित दस्तावेज जमा करवाओं तब जाकर समाधान हो पाएगा। -मीनाक्षी देवी, गांव कांटी
वर्जन:
जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए जिला स्तर पर लघु सचिवालय व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को नियमित रूप से समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। आमजन की समस्या का समाधान करने के लिए मौके पर ही मौजूद अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।-अनुपमा अंजली, उपायुक्त, नारनौल।
