Rajouri News:जीएमसी राजोरी में कर्मचारियों, डॉक्टरों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं ठप – Health Services At Gmc Rajouri Paralyzed Due To Strike By Staff And Doctors
गैर राजपत्रित कर्मचारियों ने जीएमसी से खचर मैदान तक निकाला पैदल मार्च
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) एवं एसोसिएटेड अस्पताल राजोरी में गैर राजपत्रित कर्मचारियों और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों का आंदोलन तेज हो गया है। वे अपनी लंबित और जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। इस संयुक्त हड़ताल से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं।
जीएमसी के सभी गैर राजपत्रित कर्मचारियों ने एकजुट होकर राजोरी के जीएमसी से खचर मैदान तक मार्च निकाला। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की आवाज बुलंद की। प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा। दूसरी ओर, जीएमसी राजोरी के सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल और विरोध प्रदर्शन भी लगातार जारी है। डॉक्टरों ने भी अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और सरकार से जल्द सकारात्मक कदम उठाने की अपील की।
मरीजों की बढ़ी परेशानी :
गैर राजपत्रित कर्मचारियों और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की लगातार हड़ताल के चलते अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। उपचार के लिए अस्पताल पहुंच रहे मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से राजोरी, पुंछ और रियासी जिलों के दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीज सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। इन जिलों के बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए जीएमसी राजोरी पर निर्भर हैं। मरीजों और उनके तीमारदारों का कहना है कि लंबा सफर तय कर अस्पताल पहुंचने के बावजूद उन्हें समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
जनता की सरकार से अपील:
आम जनता ने सरकार से अपील की है कि कर्मचारियों और डॉक्टरों की जायज मांगों पर तत्काल विचार कर उनका समाधान किया जाए। लोगों का कहना है कि हड़ताल समाप्त होनी चाहिए ताकि सभी कर्मचारी एवं डॉक्टर अपनी ड्यूटी पर लौट सकें। जनता ने यह भी कहा कि कर्मचारियों और डॉक्टरों की मांगों का समाधान निकालना जरूरी है, लेकिन इसके साथ ही आम मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए।
