Rampur Bushahar News:समय पर शिकायत दर्ज न करने पर चेक बाउंस मामले में आरोपी बरी – Accused Acquitted In Cheque Bounce Case For Not Filing Complaint On Time
चार लाख रुपये के चेक बाउंस मामले में अदालत ने सुनाया फैसला
. निर्धारित समय सीमा के बाद शिकायत दायर करने पर खारिज हुआ मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी आनी की अदालत ने चार लाख रुपये के चेक बाउंस मामले में आरोपी खेम चंद को बरी कर दिया है। अदालत ने शिकायत निर्धारित समय सीमा के बाद दायर किए जाने के आधार पर यह फैसला सुनाया। मामले के अनुसार शिकायतकर्ता विपिन कुमार ने आरोप लगाया था कि खेम चंद ने अक्तूबर 2019 में उससे चार लाख रुपये का मित्रतापूर्ण ऋण लिया था। आरोपी ने डेढ़ वर्ष में राशि लौटाने का आश्वासन दिया था। पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने चार लाख रुपये का चेक दिया, जिसे बैंक में जमा करवाने पर खाते में पर्याप्त राशि न होने के कारण चेक बाउंस हो गया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने आरोपी को कानूनी नोटिस भेजा, जो उसे प्राप्त हो गया। शिकायतकर्ता ने आरोपी के खिलाफ अदालत में मामला दायर किया। सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता ने स्वीकार किया कि ऋण लेन-देन से संबंधित कोई दस्तावेज उसके पास नहीं है। उसने दो लाख रुपये नकद और दो लाख रुपये चेक के माध्यम से देने की बात कही, लेकिन बैंक स्टेटमेंट प्रस्तुत नहीं किया। उसने यह भी स्वीकार किया कि आरोपी ने चेक सुरक्षा के तौर पर दिया था। अदालत ने पाया कि चेक बाउंस होने और कानूनी नोटिस प्राप्त होने की शर्तें पूरी थीं, लेकिन शिकायत निर्धारित कानूनी समय सीमा के बाद दायर की गई थी। शिकायतकर्ता ने देरी माफ करवाने के लिए कोई अलग आवेदन भी प्रस्तुत नहीं किया था। ऐसे में अदालत ने परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 142 के तहत शिकायत को समय सीमा से बाहर मानते हुए खारिज कर दिया और आरोपी खेम चंद को धारा 138 के आरोप से बरी कर दिया।
