Rewari News:डेंगू के दो नए मरीज मिले, कुल संख्या 69 पहुंची – Two New Dengue Cases Reported; Total Count Reaches 69
रेवाड़ी। जिले में डेंगू के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार दो नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। दोनों मरीज निजी अस्पतालों में मिले हैं। इसके साथ ही जिले में इस वर्ष डेंगू के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 69 हो गई है। इनमें 18 मरीज सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों और 51 मरीज निजी अस्पतालों में सामने आए हैं।
नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. जोगेंद्र तंवर ने बताया कि विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार डेंगू के 12 नमूने लिए गए। इनमें सरकारी अस्पतालों में कोई नमूना नहीं लिया गया, जबकि निजी क्षेत्र में 12 नमूने लिए गए। अब तक जिले में कुल 3,574 नमूनों की जांच की जा चुकी है।
नए मामलों में एक मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वर्तमान में जिले में डेंगू का एक मरीज अस्पताल में उपचाराधीन है। मंगलवार को किसी मरीज को अस्पताल से छुट्टी नहीं मिली।
रिपोर्ट के अनुसार अब तक 24 भर्ती मरीजों को उपचार के बाद छुट्टी दी जा चुकी है, जबकि 44 मरीजों का उपचार बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में किया गया। जिले में डेंगू से किसी भी मरीज की मौत की पुष्टि नहीं हुई है।
शहरी क्षेत्र में सबसे ज्यादा 31 मरीज:
क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार रेवाड़ी शहरी क्षेत्र में डेंगू के सबसे अधिक 31 मामले सामने आए हैं। इसके अलावा सीएचसी गुरावड़ा क्षेत्र में पांच, सीएचसी मीरपुर में 14, सीएचसी बावल में 14, सीएचसी खोल में चार और सीएचसी नाहड़ क्षेत्र में एक मरीज मिला है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में अब तक 19,79,253 घरों की जांच और स्रोत नियंत्रण गतिविधियों का आंकड़ा दर्ज है। वहीं 2,856 नोटिस जारी किए जा चुके हैं। जिले में मलेरिया के कुल 15 मामले भी सामने आए हैं। इनमें नौ स्थानीय और छह जिले या प्रदेश से बाहर के हैं। अंतिम डेंगू मामला 25 नवंबर को और मलेरिया का अंतिम मामला 11 नवंबर को दर्ज किया गया।
