Shahjahanpur News:गंगा एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराई कार, दो भाई घायल – Car Hits Divider On Ganga Expressway; Two Brothers Injured
जलालाबाद (शाहजहांपुर)। गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात ट्रक के कट मारने से अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बुलंदशहर निवासी दो भाई घायल हो गए। गंभीर हालत में सतीश (50) को रेफर किया गया।
बुलंदशहर के सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के गांव भराना निवासी सतीश अपने भाई राजू के साथ प्रयागराज से बुलंदशहर जा रहे थे। राजू कार चला रहे थे। रात करीब पौने 12 बजे गांव कलक्टरगंज के पास इंटरचेंज से पहले तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक कर कट मार दिया। उसे बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
एक्सप्रेसवे के गश्ती दल ने दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद राजू को छुट्टी दे दी गई, जबकि सतीश को रेफर कर दिया गया। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई। सुबह घायलों के परिजन यहां पहुंचे। सतीश को इलाज के लिए बुलंदशहर लेकर चले गए। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना पुलिस को नहीं मिली है।
