Shamli News:एक्यूआई 300 से लुढ़ककर 116 पर आया, फिर भी सांस के मरीजों की बढ़ी मुश्किलें – Aqi Dropped From 300 To 116, Yet Difficulties For Respiratory Patients Increased
शामली/लांक। शामली में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार उतार-चढ़ाव के बीच लोगों की सेहत पर असर डाल रहा है।
शनिवार को एक्यूआई 300 पर पहुंचने के बाद आज रविवार को घटकर 116 दर्ज किया गया। एक दिन में 184 अंकों की बड़ी गिरावट आई है और हवा की स्थिति में कुछ सुधार दिखा है। बदलते मौसम व प्रदूषित कणों के चलते सांस, अस्थमा और एलर्जी के मरीजों को अभी भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पिछले एक सप्ताह के आंकड़ों पर नजर डालें तो 15 नवंबर को एक्यूआई 252, 16 नवंबर को 129, 17 नवंबर को 91, 18 नवंबर को 92, 19 नवंबर को 95 और 20 नवंबर को 94 दर्ज किया गया था। शनिवार को अचानक इसमें 206 अंकों की बढ़ोतरी हुई और यह 300 पर पहुंच गया। आज रविवार को एक्यूआई लुढ़ककर 116 पर आ गया। इस तरह एक सप्ताह में हवा की गुणवत्ता में बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला। उधर, रविवार को अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
-इन्होंने कहा
शादी समारोह के दौरान वाहनों से निकलने वाले धुएं, आतिशबाजी और औद्योगिक क्षेत्र से हो रहे प्रदूषण के कारण एक्यूआई में लगातार उतार-चढ़ाव की स्थिति बन रही है, जिससे कभी एक्यूआई घट रहा है तो कभी बढ़ रहा है।
— डॉ. राजेश, पर्यावरणविद
नवंबर के दूसरे पखवाड़े में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट से ठंड का असर बढ़ रहा है। सुबह और शाम धुंध रहने की संभावना है। हवा की गति कम होने पर प्रदूषक कण वातावरण में लंबे समय तक बने रह सकते हैं।
—डॉ. श्वेता सिंह, मौसम वैज्ञानिक, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ
ऐसे करें बचाव
शामली सीएचसी अधीक्षक डॉ. दीपक के अनुसार प्रदूषण बढ़ने का सबसे अधिक असर अस्थमा, एलर्जी और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों पर पड़ता है। ऐसे मरीज सुबह और शाम खुले में टहलने से बचें। जरूरी होने पर एन-95 मास्क लगाकर बाहर निकलें। निर्धारित दवाओं और इनहेलर का नियमित इस्तेमाल करें। बच्चों और बुजुर्गों को धूल और धुएं से दूर रखें। सांस फूलने, खांसी बढ़ने या सीने में जकड़न होने पर चिकित्सक से संपर्क करें।
