Sonipat News:तीन साल से डंपिंग प्वाइंट हटने का इंतजार, अब आर-पार की लड़ाई के मूड में वार्डवासी – Waiting For The Dumping Point To Be Removed For Three Years, The Residents Are Now In The Mood For A Fight To The Finish
– कामी रोड पर बाबा धाम मंदिर के पीछे अनिश्चितकालीन धरना शुरू, निगम से मांगा लिखित आश्वासन
– पांच कॉलोनियों के लोग दुर्गंध और गंदगी से परेशान, मेयर ने दिया है तीन माह में स्थानांतरण का भरोसा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। कामी रोड स्थित बाबा धाम मंदिर के पीछे बने डंपिंग प्वाइंट को हटवाने की मांग को लेकर वार्ड-5 के लोगों का विरोध अब आंदोलन में बदल गया है। तीन साल से समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज कॉलोनीवासियों ने मंगलवार को डंपिंग प्वाइंट के पास अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
पार्षद प्रतिनिधि मुकेश सैनी व सामाजिक कार्यकर्ता अशोक खत्री के नेतृत्व में शुरू हुए धरने में लोगों ने नगर निगम प्रशासन से दो टूक कहा कि अब मौखिक आश्वासन से काम नहीं चलेगा। डंपिंग प्वाइंट के स्थानांतरण को लेकर लिखित भरोसा देने के साथ ही प्रक्रिया को जमीन पर शुरू करना होगा।
धरने पर बैठे , अशोक सैनी, ईश्वर सैनी, सुबे सैनी, सीटू, ईश्वर सिंह सैनी, रामप्रसाद का कहना है कितीन साल से उन्हें डंपिंग प्वाइंट हटाने का भरोसा दिया जा रहा है। इसके लिए प्रस्ताव पारित होने की बात भी कही गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। दीपावली से पहले भी इस मांग को लेकर धरना दिया गया था, मगर समस्या जस की तस बनी हुई है। डंपिंग प्वाइंट के आसपास स्थित सैनीपुरा, जटवाड़ा, ऋषि कॉलोनी, हनुमान नगर और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के निवासी लंबे समय से परेशानी झेल रहे हैं। लोगों का आरोप है कि यहां जमा कूड़े से उठने वाली दुर्गंध के कारण घरों में खाना-पीना तक मुश्किल हो गया है। कई बार कूड़े से भरे वाहन सड़क के बीच ही कचरा डालकर चले जाते हैं, जिससे रास्ते पर कूड़े के ढेर लग जाते हैं। इससे आसपास के वातावरण में भी प्रदूषण फैल रहा है।
निगम के खिलाफ तेज होगा आंदोलन
क्षेत्रवासियों मास्टर राजेश सैनी, प्रवीन भारद्वाज, चंदन, अमित, प्रमोद, पाले सैनी ने कहा कि निगम प्रशासन की लापरवाही के कारण पांचों कॉलोनियों के हजारों लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो सभी कॉलोनियों के लोग एकजुट होकर आंदोलन को और व्यापक करेंगे।
नगर निगम ने डंपिंग प्वाइंट को स्थानांतरित करने के लिए जगह की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों को रिहायशी क्षेत्र से दूर स्थान चयन करने के निर्देश दिए गए हैं। वार्डवासियों को तीन माह में डंपिंग प्वाइंट स्थानांतरित करवाने का आश्वासन दिया गया है।
— राजीव जैन, मेयर, नगर निगम
