रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
अब पहले से ज्यादा स्टाइलिश हुई Skoda Kylaq, नए Beige कलर के साथ बदला लुक
ऑटो

अब पहले से ज्यादा स्टाइलिश हुई Skoda Kylaq, नए Beige कलर के साथ बदला लुक

November 23, 2026


Skoda India ने अपनी पॉपुलर सब-4 मीटर एसयूवी Skoda Kylaq के कलर पैलेट को अपडेट करते हुए इसमें एक नया कैपुचीनो बेज (Cappuccino Beige) कलर शामिल किया है. इंडियन मार्केट में ये एसयूवी अपनी शानदार ड्राइविंग डायनामिक्स और दमदार परफॉर्मेंस के लिए जानी जाती है और स्कोडा की सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में से एक है. कंपनी ने हाल ही में इसके लाइनअप में नया स्पोर्टलाइन (Sportline) वेरिएंट जोड़ा था और अब बिना किसी बड़े शोर-शराबे के इस नए आकर्षक शेड को पेश किया है.

ये रंग इससे पहले स्लाविया फेसलिफ्ट में देखा गया था. खास बात ये है कि स्कोडा कायलाक में ये नया कलर केवल मिड-स्पेक स्पोर्टलाइन वेरिएंट के साथ ही उपलब्ध कराया गया है. इस नए अपडेट के बाद ग्राहक अब पहले से ज्यादा स्टाइलिश और एक्सक्लूसिव ऑप्शन चुन सकते हैं, जिससे सड़क पर इस एसयूवी की मौजूदगी और भी खास हो जाएगी.

केवल स्पोर्टलाइन वेरिएंट और डुअल-टोन थीम

कैपुचीनो बेज रंग को कंपनी ने एक्सक्लूसिव तौर पर कायलाक के स्पोर्टलाइन वेरिएंट तक ही सीमित रखा है. ये नया कलर स्टैंडर्ड तौर पर डुअल-टोन एक्सटीरियर थीम के साथ आया है. इसमें स्पोर्टलाइन के खास कॉस्मेटिक बदलाव जैसे ब्लैक-आउट रूफ, ग्लॉस ब्लैक अलॉय व्हील्स, सी-पिलर पर Sportline बैज और ब्लैक कलर के ORVMs और रूफ रेल्स मिलते हैं. ये वेरिएंट मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों गियरबॉक्स विकल्पों में उपलब्ध है, जिनकी एक्स-शोरूम कीमत 11.35 लाख रुपये और 12.35 लाख रुपये रखी गई है.

अब कुल 8 कलर ऑप्शन में उपलब्ध

इस नए शेड के जुड़ने के बाद स्कोडा कायलाक अब कुल 8 कलर ऑप्शन में बिक्री के लिए उपलब्ध है. इनमें कैपुचीनो बेज के अलावा कैंडी व्हाइट, ब्रिलियंट सिल्वर, कार्बन स्टील, स्टील ग्रे, डीप ब्लैक, लावा ब्लू और चेरी रेड शामिल हैं. कंपनी इस एसयूवी को कुल सात वेरिएंट ऑप्शन- क्लासिक, क्लासिक प्लस, सिग्नेचर, सिग्नेचर प्लस, स्पोर्टलाइन, प्रेस्टीज और प्रेस्टीज प्लस में बेचती है.

फीचर्स और सेफ्टी में दमदार

डिजाइन और फीचर्स के मामले में कायलाक में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इसके केबिन में 10.1-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 8-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, 6-वे इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल व वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, सिंगल-पेन सनरूफ, एम्बिएंट लाइटिंग और वायरलेस फोन चार्जर जैसे प्रीमियम फीचर्स मिलते हैं. Bharat NCAP क्रैश टेस्ट में 5-स्टार रेटिंग हासिल करने वाली इस एसयूवी में 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), हिल-होल्ड कंट्रोल और TPMS जैसे सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं.

इंजन और कीमत

स्कोडा कायलाक में 1 लीटर का टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 115 PS की पावर और 178 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. इसे 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा गया है. इसके मैनुअल वेरिएंट का माइलेज 19.31 kmpl और ऑटोमैटिक का 19.05 kmpl है.

कायलाक की एक्स-शोरूम कीमत 7.59 लाख रुपये से लेकर 13.09 लाख रुपये तक जाती है. इसका मुकाबला Maruti Brezza, Tata Nexon, Hyundai Venue और Mahindra XUV 3XO से है.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X