रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
भदोही

महिलाओं का सम्मान व स्वावलंबन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है :नीलम प्रभात – Respect For Women And Their Self-reliance Are The Government’s Top Priority: Neelam Prabhat

November 26, 2026


ज्ञानपुर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य नीलम प्रभात ने बुधवार को जिले के विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण करने के साथ महिलाओं की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में छह शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से पांच का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। एक शिकायत के संबंध में संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

महिला आयोग की सदस्य ने वुडवर्ड स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर और विशेष दत्तक ग्रहण अभिकरण का भी जायजा लिया। विद्यालयों में छात्राओं से पढ़ाई, सुरक्षा, स्वच्छता, भोजन और छात्रावास की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।

अधिकारियों को छात्राओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं को मिल रहे पोषाहार और टीकाकरण की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा, सम्मान और स्वावलंबन प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। महिलाओं को न्याय दिलाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।

इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी शत्रुघ्न कन्नौजिया, जिला सूचना अधिकारी अनिल कुमार सिंह, आबकारी अधिकारी सोनी चौरसिया, चाइल्ड लाइन से आनंद मौर्य, शिवशंकर मौर्य, आलोक दुबे, ममता सिंह, प्रियंका गुप्ता, रेशमा भारती, जिला समन्वयक ऋचा चौबे और राजकुमार गुप्ता मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X