बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बहराइच

Bahraich News:पाइप लाइन से रसोई तक पहुंचेगी गैस – Gas Will Reach The Kitchen Via A Pipeline

November 18, 2026


बहराइच। शहर में जल्द ही रसोई गैस आपूर्ति का तरीका बदलने जा रहा है। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की ओर से पाइपलाइन के जरिये प्राकृतिक गैस (पीएनजी) पहुंचाने की योजना पर काम तेज कर दिया गया है। मंगलवार को शहर के एक रिसॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र प्रबंधक विवेक प्रताप सिंह विशेन ने पीएनजी योजना की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र के घरों को पाइप लाइन से गैस उपलब्ध कराए जाने की योजना है। परियोजना पर करीब 80 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कंपनी ने शहर में सर्वे पूरा कर लिया है। बक्शीपुरा और रायपुर राजा मोहल्ले में नेटवर्क चार्ज किया जा चुका है, जबकि अगले एक माह में सूफीपुरा और घसियारीपुरा में भी आपूर्ति शुरू करने की तैयारी है। अन्य मोहल्लों में भी मार्च 2027 तक नेटवर्क विस्तार की योजना है।

उन्होंने बताया कि पीएनजी कम दबाव में घरों तक पहुंचती है, जिससे सिलिंडर की अपेक्षा सुरक्षा अधिक रहती है। आपात स्थिति में घर के बाहर लगे मीटर से आपूर्ति तत्काल बंद की जा सकती है। पीएनजी शुरू होने से सिलिंडर बुकिंग और ढुलाई की परेशानी कम होगी तथा निरंतर गैस उपलब्ध रहने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि भूमिगत नेटवर्क से ऊर्जा की सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल आपूर्ति होगी।

एक सवाल के जवाब में बताया कि पीएनजी व्यवस्था शुरू होते ही सिलिंडर की व्यवस्था खत्म हो जाएगी। एजेंसियों पर लगे कर्मचारियों के रोजगार पर कोई असर नहीं पड़ेगा क्योंकि इन कर्मचारियों को इस नई व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। इस मौके पर कंपनी के सहायक कार्यकारी अधिकारी दीपक कुमार भी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X