Fatehabad News:युवा प्रतिभाओं ने सांस्कृतिक रंगों से सजाया महोत्सव, लोक नृत्य में फतेहाबाद अव्वल – Young Talents Adorned The Festival With Cultural Vibrancy; Fatehabad Took The Top Spot In Folk Dance
फतेहाबाद। भोडिया खेड़ा में आयोजित जिलास्तरीय युवा महोत्सव में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फतेहाबाद की टीम ने समूह लोक नृत्य प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। शुक्रवार को दो दिवसीय महोत्सव के समापन पर पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
समूह वर्ग की ग्रुप लोक नृत्य प्रतियोगिता में फतेहाबाद के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की टीम प्रथम रही। संगीत शिक्षिका नेहा शर्मा के मार्गदर्शन में तैयार विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुति दी। राजकीय आईटीआई टोहाना ने दूसरा और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नहला ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
ग्रुप लोक गीत प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल, फतेहाबाद प्रथम रहा। राजकीय आरोही मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बनगांव ने दूसरा और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नहला ने तीसरा स्थान हासिल किया। नुक्कड़ नाटक में महिला महाविद्यालय भोडिया खेड़ा की टीम प्रथम रही। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भोडिया खेड़ा दूसरे और नहला विद्यालय तीसरे स्थान पर रहा।
व्यक्तिगत वर्ग की चित्रकला प्रतियोगिता में ललित कला अकादमी, अलीकां के कृष्ण कुमार प्रथम, एसबीपी डीएवी स्कूल की जसप्रीत कौर द्वितीय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूना के ललित तृतीय रहे। कविता लेखन में खुशबू प्रथम, दीक्षा द्वितीय और लतिका तृतीय रहीं। लोक वाद्य यंत्र प्रतियोगिता में एमएम कॉलेज, फतेहाबाद ने पहला और डीएवी पब्लिक स्कूल, फतेहाबाद ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
चौधरी मनीराम गोदारा राजकीय महिला महाविद्यालय भोडिया खेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में एसपी निकिता खट्टर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं। उन्होंने विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवा महोत्सव विद्यार्थियों को प्रतिभा दिखाने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर देते हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए।
