Sonipat News:देवोत्थान एकादशी पर शहनाइयों की गूंज, 500 से अधिक जोड़े परिणय सूत्र में बंधे – Shehnai Resonates On Devutthana Ekadashi, Over 500 Couples Tie The Knot
शादी समारोहों के चलते शहर की सड़कों पर लगा जाम, मुरथल और बहालगढ़ रोड पर देर रात तक रेंगते रहे वाहन
-अधिकांश बैंक्वेट हॉल के बाहर पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं, सड़कों पर खड़े किए वाहन
– शादियों का सीजन शुरू होते ही फूल विक्रेताओं, हलवाइयों और ब्यूटी पार्लरों में बढ़ी रौनक
फोटो :: 40
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। देवोत्थान एकादशी के साथ ही शुक्रवार को शादियों का सीजन शुरू हो गया। शुभ मुहूर्त के चलते जिले में एक ही दिन में 500 से अधिक जोड़े विवाह बंधन में बंधे। शहर में जगह-जगह शहनाइयां गूंजीं और बैंक्वेट हॉल में दिनभर शादी समारोहों की रौनक रही। हालांकि, बड़ी संख्या में शादियों के आयोजन का असर यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा। शाम होते ही मुरथल, एटलस और बहालगढ़ रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ने लगा। कई बैंक्वेट हॉल के बाहर पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोगों ने सड़क किनारे वाहन खड़े कर दिए। इससे देर रात तक वाहन चालक जाम में फंसे रहे। दूसरी ओर, शादियों का सीजन शुरू होने से फूल विक्रेताओं, हलवाइयों और ब्यूटी पार्लरों के कारोबार में भी तेजी आ गई।
हिंदू धर्म में देवोत्थान एकादशी का विशेष महत्व है। मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं और इसके साथ ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। पंडित अमित शोनक ने बताया कि कार्तिक मास की देवोत्थान एकादशी को विशेष शुभ माना जाता है। इसी दिन से विवाह समारोहों का सिलसिला शुरू हो जाता है। इस वर्ष नवंबर और दिसंबर में भी विवाह के कई शुभ मुहूर्त हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में शहर में शादी समारोहों की रौनक और बढ़ेगी।
मुरथल, एटलस और बहालगढ़ रोड पर सबसे ज्यादा वाहनों का दबाव
शहर में 100 से अधिक बैंक्वेट हॉल हैं। इनमें से अधिकांश मुरथल रोड, एटलस रोड और बहालगढ़ रोड पर स्थित हैं। शुक्रवार को इनमें से ज्यादातर बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह आयोजित किए गए। शाम होते ही इन मार्गों पर वाहनों की संख्या बढ़ने लगी। खासकर सोनीपत से बहालगढ़ की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। देर रात तक वाहन चालक रेंगकर चलते रहे।
पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर खड़े किए वाहन
शादी समारोहों के दौरान जाम की एक बड़ी वजह बैंक्वेट हॉल के बाहर पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होना रही। कई जगह मेहमानों ने अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर दिए, जिससे सड़क पर वाहनों के निकलने के लिए जगह कम हो गई। पहले से यातायात दबाव झेल रहे इन मार्गों पर स्थिति और बिगड़ गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों को भी आवागमन में परेशानी हुई।
फूलों की मांग बढ़ी, हलवाइयों और ब्यूटी पार्लरों में भी बढ़ा काम
शादियों का सीजन शुरू होते ही इससे जुड़े कारोबार में भी तेजी आ गई है। फूल विक्रेता प्रेम ने बताया कि शादी समारोहों में घरों और वाहनों की सजावट के लिए फूलों की मांग बढ़ गई है। हलवाई उमेश पालीवाल के अनुसार, शादी समारोहों के चलते मिठाइयों और भोजन तैयार करने के काम में तेजी आई है। वहीं, ब्यूटी पार्लर संचालिका माया ने बताया कि दुल्हनों के श्रृंगार और अन्य तैयारियों के लिए महिलाओं की आवाजाही बढ़ने लगी है।
बैंक्वेट हॉल संचालकों को पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने बताया कि शादी समारोहों के दौरान आमजन को जाम से बचाने के लिए बैंक्वेट हॉल संचालकों को पार्किंग की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें स्पष्ट हिदायत दी गई है कि समारोह में आने वाले मेहमानों के वाहन सड़क पर खड़े न हों। यदि किसी बैंक्वेट हॉल की लापरवाही से यातायात बाधित होता है तो संबंधित संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
