रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
मुजफ्फरपुर पीएनजी पाइपलाइन ब्लास्ट:चार आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट, कोचिंग संचालक की हुई थी मौत – Muzaffarpur Bihar News : Action Initiated In Png Pipeline Blast Arrest Warrants Issued Against 4 Accused
मुज़फ़्फ़रपुर

मुजफ्फरपुर पीएनजी पाइपलाइन ब्लास्ट:चार आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट, कोचिंग संचालक की हुई थी मौत – Muzaffarpur Bihar News : Action Initiated In Png Pipeline Blast Arrest Warrants Issued Against 4 Accused

November 21, 2026


बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में गोबरसही-डुमरी रोड पर हुए पीएनजी पाइपलाइन ब्लास्ट मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मामले के जांच अधिकारी ने कोर्ट से चार नामजद आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट प्राप्त किया है। वारंट जारी होने के बाद गिरफ्तारी के डर से सभी आरोपी भूमिगत हो गए हैं। पुलिस अब उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। तय समय में आरोपी अदालत या थाने में आत्मसमर्पण नहीं करते हैं तो पुलिस कोर्ट से इश्तेहार हासिल कर आगे कुर्की-जब्ती की कार्रवाई करेगी।

इन चार आरोपियों के खिलाफ वारंट

पुलिस ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की पीएनजी पाइपलाइन परियोजना के प्रोजेक्ट हेड अनिश कुमार, नर्सिंग सिंह कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक, कनीय अभियंता अभिषेक कुमार और पथ प्रमंडल संख्या-एक के कनीय अभियंता बलबंत कुमार सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट लिया है।

सदर थाना प्रभारी नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच अधिकारी ने कोर्ट से आरोपियों के खिलाफ वारंट प्राप्त किया है। यदि उनकी गिरफ्तारी नहीं होती है तो कोर्ट से इश्तेहार का आदेश लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ब्लास्ट में कोचिंग संचालक की हुई थी मौत

गौरतलब है कि दो नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे गोबरसही-डुमरी रोड पर पीएनजी पाइपलाइन से गैस रिसाव के बाद जोरदार धमाका हुआ था। हादसे में बेटी के स्कूल की फीस जमा कर घर लौट रहे कोचिंग संचालक श्रीनिवास सिंह की मौत हो गई थी। धमाका इतना भीषण था कि उनका सिर धड़ से अलग हो गया था। घटना में डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे, जबकि आसपास के कई मकानों को भारी नुकसान पहुंचा था।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। मृतक की पत्नी निभा कुमारी ने सदर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें आईओसीएल के पीएनजी पाइपलाइन प्रोजेक्ट हेड, नर्सिंग सिंह कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक और अधिकृत कर्मियों सहित संबंधित अभियंताओं को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई में जुटी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X