बिहार:रात 10 बजे आया फोन, घर से निकला युवक सुबह रेलवे ट्रैक पर मिला मृत; हत्या की आशंका में एनएच-82 जाम – Gaya Wazirganj Youth Found Dead On Railway Track Family Alleges Murder Nh 82 Road Blockade Today Bihar News
रात करीब 10 बजे मोबाइल पर किसी का फोन आया और सहदेव चौधरी घर से निकल गए। परिवार को लगा कि वह जल्द लौट आएंगे, लेकिन देर रात तक उनकी वापसी नहीं हुई। परिजन तलाश करते रहे, मगर कोई जानकारी नहीं मिली। इसके कुछ घंटे बाद गया-किऊल रेलखंड पर रेलवे ट्रैक से उनका शव बरामद हुआ। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने इसे सामान्य रेल दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई और एनएच-82 पर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
रात में किसका आया था फोन, जो घर से निकल गए सहदेव?
मामला गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के पुनवां गांव का है। यहां के निवासी सहदेव चौधरी उर्फ साहेब की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 10 बजे सहदेव के मोबाइल पर किसी का फोन आया था। कॉल आने के बाद वह घर से निकल गए। इसके बाद देर रात तक वापस नहीं लौटे।
परिवार के लोग उनकी तलाश में जुट गए, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। सहदेव बाइक सर्विसिंग और बाइक के पार्ट्स की बिक्री का कारोबार करते थे। रोजमर्रा के काम में व्यस्त रहने वाले सहदेव के अचानक घर से निकलने और फिर लापता होने से परिजन परेशान थे। अब परिवार यह जानना चाहता है कि आखिर उस रात उन्हें किसका फोन आया था और वह घर से कहां गए थे।
आधी रात के बाद रेलवे ट्रैक पर मिला शव
गुरुवार देर रात करीब दो बजे गया-किऊल रेलखंड पर रघुनाथपुर के समीप एक मालगाड़ी गुजर रही थी। इसी दौरान चालक की नजर रेलवे पटरी पर पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। चालक ने तत्काल मालगाड़ी रोककर इसकी सूचना स्टेशन प्रबंधक को दी।
सूचना मिलते ही रेलकर्मी और वजीरगंज पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रेलवे ट्रैक से शव हटवाया। उस समय युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। शुक्रवार सुबह शव की पहचान पुनवां गांव निवासी सहदेव चौधरी के रूप में हुई। पहचान की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस की गाड़ी रोककर ग्रामीणों ने जताया विरोध
सहदेव का शव पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पुनवां के पास परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस वाहन को रोक दिया। ग्रामीणों का कहना था कि सहदेव की मौत सामान्य रेल दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या का मामला हो सकती है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि युवक की मौत के पीछे कोई साजिश हो सकती है। हालांकि, अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं हुई है।
बगाही मोड़ पर दो घंटे तक NH-82 जाम
आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को बगाही मोड़ के पास सड़क पर रखकर गया-राजगीर एनएच-82 जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब दो घंटे तक प्रदर्शन के कारण आवागमन ठप रहा। राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर वजीरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। परिजन युवक की मौत के कारणों का खुलासा करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज?
सहदेव की मौत के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। रात 10 बजे उनके मोबाइल पर किसका फोन आया था? वह घर से निकलकर कहां गए थे? उनका शव रेलवे ट्रैक पर किन परिस्थितियों में पहुंचा? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं, लेकिन मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा।
