रुट डायवर्जन :तिगरी मेले की भीड़ से हाईवे पर आज से थमेगी रफ्तार – Route Diversion: Traffic On The Highway To Slow Down Starting Today Due To The Tigri Mela Rush
रामपुर। तिगरी मेले में श्रद्धालुओं को भीड़ को देखते हुए रविवार से हाईवे पर रूट डायवर्जन लागू हो जाएगा। भारी वाहनों को हाईवे पर चलने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, 24 नवंबर को हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। ऐसे में दिल्ली और मुरादाबाद की ओर सफर करने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों से गुजरना होगा।
तिगरी मेले में हर साल गंगा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मेले के दौरान हाईवे पर वाहनों का दबाव अचानक बढ़ जाता है। श्रद्धालुओं के वाहनों की लंबी कतारों के बीच सामान्य यातायात भी प्रभावित होने लगता है। ट्रैफिक प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार के मुताबिक जाम की स्थिति न बने और मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस ने यातायात का नया खाका तैयार किया है। योजना के तहत रामपुर से दिल्ली जाने वाले वाहनों को शाहबाद और बिलारी के रास्ते निकाला जाएगा। दिल्ली से रामपुर आने वाले वाहनों को भी इसी वैकल्पिक मार्ग से गुजारा जाएगा। 24 नवंबर को प्रतिबंध और सख्त रहेगा। इस दिन हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। पुलिस प्रमुख चौराहों और रास्तों पर निगरानी रखेगी। यातायात पुलिस को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
डायवर्जन के लिए पॉइंटों पर लगेगी ड्यूटी
रामपुर। ट्रैफिक पुलिस ने तीन दिन चलने वाले डायवर्जन के दौरान ड्यूटी लगा दी हैं। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि आदेश मिलने के बाद तुरंत हाईवे पर डायवर्जन किया जाएगा।
