रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
एमपी:सागर में शराब के आदी लोगों की घर-घर होगी स्वास्थ्य जांच, प्रशासन ने शुरू किया विशेष अभियान – Major Drive For De-addiction And Health Safety: Door-to-door Treatment Underway For Habitual Drinkers
सागर

एमपी:सागर में शराब के आदी लोगों की घर-घर होगी स्वास्थ्य जांच, प्रशासन ने शुरू किया विशेष अभियान – Major Drive For De-addiction And Health Safety: Door-to-door Treatment Underway For Habitual Drinkers

November 23, 2026


सागर जिले में अत्यधिक और आदतन शराब का सेवन करने वाले लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार के लिए प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर स्वास्थ्य और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें चिन्हित लोगों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रही हैं। अभियान का उद्देश्य शराब के आदी लोगों को गंभीर बीमारियों से बचाना और समय पर उपचार सुनिश्चित करना है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटेरिया और सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडे के नेतृत्व में संयुक्त टीमें जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय हैं।

सूची के आधार पर घर-घर पहुंच रही टीमें

प्रशासन की कार्ययोजना के तहत मदिरा दुकानों से जुटाई गई सूची के आधार पर संयुक्त टीमें चिन्हित लोगों के घरों और निर्धारित स्थानों पर पहुंच रही हैं। बंडा क्षेत्र के बिनायका और मगरधा सहित कई ग्रामीण इलाकों के अलावा सागर शहर के गोपालगंज, सिविल लाइंस और पुरव्याऊ में स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।

मौके पर ब्लड सैंपलिंग और उपचार

स्वास्थ्य विभाग की टीमें लक्षणों के आधार पर मौके पर ही जांच कर रही हैं। जरूरत पड़ने पर ब्लड सैंपल लेने और ड्रिप चढ़ाने जैसी प्राथमिक चिकित्सा भी उपलब्ध कराई जा रही है। अभियान के तहत दोपहर तक बंडा क्षेत्र के बिनायका और मगरधा में करीब 28 लोगों तथा सागर शहर के गोपालगंज, सिविल लाइंस और पुरव्याऊ में 22 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार शुरू किया जा चुका है।

बंडा क्षेत्र में सीएमएचओ डॉ. देवेश पटेरिया और सागर शहर में विशेष चिकित्सकीय टीम जांच की जिम्मेदारी संभाल रही है। वंदना पांडे और डॉ. देवेश पटेरिया ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर स्क्रीनिंग कार्य का जायजा लिया और टीमों को आवश्यक निर्देश दिए।

मदिरा दुकानों के आसपास भी स्क्रीनिंग

संयुक्त टीमें सूचीबद्ध लोगों के साथ-साथ मदिरा दुकानों के आसपास भी स्वास्थ्य जांच कर रही हैं। इसके अलावा घर-घर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की जा रही है, ताकि उन्हें अत्यधिक शराब सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा सके। स्वास्थ्य और आबकारी विभाग का यह अभियान जिले में लगातार जारी रहेगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X