शमशेर सिंह अहलावत का निधन मेरी निजी क्षति :भूपेंद्र हुड्डा – The Passing Of Shamsher Singh Ahlawat Is A Personal Loss For Me
जींद। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दिवंगत चौधरी शमशेर सिंह अहलावत के निधन को अपनी निजी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि शमशेर अहलावत उनके खास मित्र थे। उनका मिलनसार स्वभाव और जनसेवा के प्रति समर्पण हमेशा याद रहेगा।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित प्रदेश के कई राजनीतिक नेताओं, पूर्व अधिकारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने गोहाना रोड स्थित उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। सभी ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर पुत्र डॉ. गजेंद्र अहलावत को सांत्वना दी।
हुड्डा ने कहा कि चौधरी शमशेर सिंह अहलावत अनुभवी और जनहित के लिए समर्पित व्यक्तित्व थे। उन्होंने जीवनभर लोगों के हितों को प्राथमिकता दी। उनका निधन राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है।
दिवंगत चौधरी शमशेर सिंह अहलावत की श्रद्धांजलि सभा 29 नवंबर को दोपहर दो से तीन बजे तक चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित होगी। डॉ. गजेंद्र अहलावत ने शोक व्यक्त करने पहुंचे सभी लोगों का आभार जताया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक धज्जा राम, सुभाष गांगोली, प्रो. वीरेंद्र सिंह, रिटायर्ड आईएएस हरपाल मलिक, कांग्रेस जिला प्रधान ऋषिपाल हैबतपुर, सोमबीर पहलवान, खाप नेता चौधरी टेकराम कंडेला, फूलकुमार मोर, किताब सिंह भनवाला, सुरजीत धनखड़, यादवेंद्र खर्ब, डॉ. बलवंत सिंह, एडवोकेट प्रदीप जागलान, किसान नेता हरपाल नौच सहित अनेक राजनीतिक, सामाजिक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
