एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने के बाद शानदार फॉर्म में चल रही भारतीय महिला हॉकी टीम मंगलवार को एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के अपने चौथे राउंड रॉबिन मुकाबले में चीन से भिड़ेगी। तीन मुकाबलों में लगातार तीन जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुकी डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम की नजरें चीन के खिलाफ जीत हासिल कर महाद्वीपीय स्तर पर अपना दबदबा कायम रखने पर होंगी। चीन मौजूदा ओलंपिक की सिल्वर मेडलिस्ट टीम है और इस टूर्नामेंट की सबसे ऊंची रैंकिंग वाली टीम भी है।
भारत ने एशियन गेम्स के फाइनल में चीन को 1-0 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। टीम इस समय तीन मैचों में नौ अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है। जापान के भी नौ अंक हैं, लेकिन गोल अंतर के आधार पर वह दूसरे स्थान पर है। वहीं, चीन तीन मैचों में चार अंक लेकर तीसरे स्थान पर मौजूद है। छह टीमों के इस टूर्नामेंट में भारत का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है।