Muzaffarnagar News:शुकतीर्थ में भागवत शोध संस्थान से फैलेगी सनातन की कीर्ति – The Fame Of Sanatan Will Spread From The Bhagwat Research Institute In Shuktirtha
मोरना। आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत से बातचीत के दौरान पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज ने शुकतीर्थ में महामुनि शुकदेव भागवत शोध एवं प्राच्य विधा संस्थान की स्थापना को लेकर अपनी कार्ययोजना साझा की। उन्होंने बताया कि ज्योतिष, महाभागवत पुराण, योग और आयुर्वेद पर संस्थान बनेगा तो भावी पीढ़ी सनातन धर्म की परंपराओं की संवाहक बनेगी।
श्री शुकदेव संस्कृत विद्यालय में पढ़े विद्यार्थी देश के कई राज्यों में पुरोहित, आचार्य और कथा व्यास का दायित्व निभा रहे हैं। शोध संस्थान को लेकर शासन स्तर पर योजना विचाराधीन है। डॉ मोहन भागवत ने कहा कि शुकतीर्थ में शोध संस्थान का निर्माण मौजूदा समय की आवश्यकता है।
पीठाधीश्वर ने बताया कि पूज्य स्वामी कल्याणदेव महाराज चाहते थे कि वेस्ट यूपी में संस्कृत विश्वविद्यालय बने, ताकि बेटे-बेटियां संस्कृत पढ़कर वेद शास्त्रों, उपनिषदों का प्रचार-प्रसार करें। शुकतीर्थ में श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं पर भी चर्चा हुई।
स्वामी कल्याण देव को भारत रत्न की मांग
मोरना। स्वामी कल्याणदेव युवा विकास समिति की ओर से पूर्व प्राचार्य रामपाल सिंह ने आरएसएस प्रमुख डॉ मोहन भागवत को पत्र देकर ब्रह्मलीन शिक्षा ऋषि वीतराग स्वामी कल्याणदेव महाराज को भारत रत्न देने का मांग-पत्र सौंपा, जिसमें समिति अध्यक्ष डॉ कलम सिंह और सचिव सुरेश कुमार ने कहा कि स्वामी कल्याणदेव महाराज ने ग्रामीण शिक्षा को प्रगति दी। 250 से ज्यादा शिक्षा, चिकित्सा संस्थान बनाए। किसानों और मजदूरों के बच्चों को शिक्षित बनाया। निस्वार्थ भाव से समाज और राष्ट्र की सेवा की। संवाद
भिक्षा पात्र, फटे-पुराने वस्त्र देखकर हुए अभिभूत
मोरना। वीतराग स्वामी कल्याणदेव के संग्रहालय में संत विभूति के भिक्षा पात्र, फटे-पुराने वस्त्र देखकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक डॉ. मोहन भागवत भाव विभोर हो गए। ट्रस्टी ओमदत्त देव ने उन्हें ब्रह्मलीन संत की सादगी, सरलता और त्याग से अवगत कराया। गैलरी में लगे महापुरुषों और देश के बड़े राजनीतिज्ञों के चित्रों को भी देखा। संवाद
