भिवानी। जयपुर के जगतपुरा खेल सिटी में 22 नवंबर को आयोजित नेशनल रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में भिवानी की इनलाइन स्केटर शिवांशी सिन्हा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक जीते। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में तीनों स्पर्धाओं में पहला स्थान हासिल कर शिवांशी ने जिले का नाम रोशन किया।
शिवांशी ने 500 मीटर रिंक रेस-2, 300 मीटर रिंक रेस-1 और रोड रेस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। एक ही प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण पदक जीतने पर भिवानी के खेल जगत में खुशी का माहौल है। हरियाणा स्केटिंग के मुख्य प्रशिक्षक अशोक जीत सिंह तंवर ने शिवांशी की उपलब्धि पर खुशी जताई।
उन्होंने बताया कि वे पिछले 40 वर्षों से दक्षिण हरियाणा में स्केटिंग प्रशिक्षण के माध्यम से खिलाड़ियों को तैयार कर रहे हैं। फतेहाबाद, हिसार, हिसार कैंट, भिवानी, चरखी दादरी और झज्जर सहित विभिन्न क्षेत्रों में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने का उनका अनुभव रहा है। स्केटिंग कोच उगम लता सिंह ने भी शिवांशी की सफलता पर खुशी जताई। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय खिलाड़ी की मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण को दिया।