रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बागपत

Baghpat News:खिंदौड़ा में विवाहिता की मौत पर हंगामा, हत्या का आरोप लगाया – Crime News

November 25, 2026


अमीनगर सराय। खिंदौड़ा गांव में मंगलवार की सुबह विवाहिता मोनिका (28) की मौत हो गई। इसकी सूचना पर मेरठ जिले के बहचौला गांव से आए मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें शांत कराकर शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतका के ससुराल वालों ने प्रसव के बाद फेफड़ों में संक्रमण होने पर उपचार कराने के दस्तावेज भी दिखाए। पोस्टमार्टम के बाद मायके वाले शव लेकर चले गए।

मेरठ जिले के बहचौला गांव निवासी मोनू ने बताया कि चार साल पहले उसकी बहन मोनिका की शादी खिंदौड़ा गांव के संदीप के साथ हुई थी, जो राजमिस्त्री है। उसकी बहन के परिवार में दो बेटी संध्या, रिया और चार माह का बेटा है। आरोप लगाया कि दहेज में एक लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर पिछले कुछ दिनों से ससुराल वाले मोनिका की पिटाई कर रहे थे। मंगलवार की सुबह ससुराल वालों ने फोन करके मोनिका की मौत होने के बारे में बताया। आरोप लगाया कि मोनिका की हत्या की गई और अब बीमारी से मौत होना बताया जा रहा है। इसको लेकर बहचौला से आए काफी संख्या में महिला और लोगों ने काफी देर तक हंगामा किया।

वहीं मोनिका की सास सिमलेश ने बताया कि प्रसव के बाद से मोनिका बीमार चल रही थी। जांच कराने पर फेफड़ों में संक्रमण होने का पता चला। उस कारण ही मौत हुई है। उसके बेटे संदीप की हालत भी खराब चल रही है। पोस्टमार्टम के बाद मायके वाले शव लेकर बहचौला चले गए और वहीं पर अंतिम संस्कार किया। इस मामले में सीओ सुकन्या शर्मा ने बताया कि महिला के बीमार होने की बात बताई गई है। इसमें परिवार वाले जिस तरह की तहरीर देंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X