रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
महाराजगंज

Maharajganj News:मतदाता सूची संंबंधी समस्या पर 1950 पर करें कॉल, मिलेगा समाधान – District Contact Centre Established On The Collectorate Premises

November 26, 2026


महराजगंज। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने या किसी तरह की शिकायत दर्ज कराने के लिए अब मतदाताओं को परेशान नहीं होना पड़ेगा। इसके लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 जारी किया गया है। इस नंबर पर कॉल कर मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी और समस्याओं के समाधान में सहायता प्राप्त की जा सकती है।

जिला प्रशासन के मुताबिक, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसएसआर) कार्यक्रम के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में जिला संपर्क केंद्र (डीसीसी) स्थापित किया गया है। यहां प्रशिक्षित कार्मिकों की तैनाती की गई है। जिला संपर्क केंद्र के माध्यम से मतदाता सूची से संबंधित प्राप्त कॉल, सुझाव और शिकायतों को संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) तक पहुंचाया जाएगा, ताकि उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो सके।

18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और अन्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया में सहायता मिलेगी। वहीं, मृतक अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा मतदाता पहचान पत्र में नाम, पता, उम्र और फोटो आदि में संशोधन के लिए फॉर्म-8 से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

प्राप्त दावे और आपत्तियों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत 16 दिसंबर तक निस्तारण किया जाएगा। जिला निर्वाचन प्रशासन ने ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ और स्वीप टीम को तहसील, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर हेल्पलाइन का प्रचार करने का निर्देश दिया है। मतदाता निर्वाचन आयोग के पोर्टल और वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X