Ambedkar Nagar News:नौ महीने से नए गैस कनेक्शन न मिलने से उपभोक्ता परेशान – Consumers Troubled As They Have Been Unable To Get New Gas Connections For Nine Months
अंबेडकरनगर। नए गैस कनेक्शन के लिए लोगों का इंतजार खत्म नहीं हो रहा है। जिले में मार्च से घरेलू एलपीजी के नए कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया बंद है। करीब नौ महीने बीतने के बाद भी व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी है। एक माह में 2000 से अधिक लोग इन एजेंसियों पर नए कनेक्शन के लिए पहुंच रहे हैं। फिलहाल उन्हें इंतजार करने की सलाह दी जा रही है।
नए कनेक्शन जारी करने पर रोक के बीच पुराने कनेक्शनों का नामांतरण लगातार किया जा रहा है। परिवार बढ़ने, नया मकान बनाने या संयुक्त परिवार से अलग होने के बाद अलग गैस कनेक्शन की जरूरत महसूस कर रहे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उपभोक्ता एजेंसियों पर पहुंचकर आवेदन और कनेक्शन जारी होने की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी मांग रहे हैं, लेकिन उन्हें कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई जा रही है। एजेंसी संचालक भी इस संबंध में स्पष्ट जानकारी देने की स्थिति में नहीं हैं।
उधर, पुराने कनेक्शनों का एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति के नाम ट्रांसफर जारी है। इसमें नौकरीपेशा और दूसरे स्थानों पर रहने वाले उपभोक्ता भी शामिल हैं। ऐसे में लोगों के बीच सवाल उठ रहा है कि जब पुराने कनेक्शन का नामांतरण संभव है तो नए कनेक्शन जारी करने की व्यवस्था क्यों बंद है। नए घरों में रहने वाले परिवारों को रसोई के लिए गैस की व्यवस्था करने में दिक्कत हो रही है।
जिले में 43 गैस एजेंसियां संचालित
जिले में 43 गैस एजेंसियों के माध्यम से करीब 4.75 लाख घरेलू गैस कनेक्शन संचालित हैं। इनमें 1.78 लाख कनेक्शन उज्ज्वला योजना के हैं। इतनी बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के बावजूद नए कनेक्शन की सुविधा बंद होने से अलग परिवारों और नए मकानों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब उपभोक्ताओं को तेल कंपनियों और केंद्र सरकार के स्तर से प्रक्रिया दोबारा शुरू होने का इंतजार है।
पोर्टल बंद होने से अटकी प्रक्रिया
मार्च से नए घरेलू गैस कनेक्शन जारी नहीं किए जा रहे हैं। इसके लिए इस्तेमाल होने वाला पोर्टल भी फिलहाल संचालित नहीं है। नए कनेक्शन की जानकारी लेने और मांग करने के लिए कई लोग कार्यालय पहुंच रहे हैं। उन्हें अभी इंतजार करने के लिए कहा जा रहा है। नए कनेक्शन जारी करने से संबंधित यह व्यवस्था केंद्र सरकार के स्तर से निर्धारित है। – शिवाकांत पांडेय, जिला पूर्ति अधिकारी
