घोड़ों की रेस जीतने पर मिलेगी Thar, जानिए SUV में कितने Horsepower की ताकत और क्यों HP में मापते हैं इंजन की पावर?
बिहार की राजनीति में ‘छोटे सरकार’ के नाम से मशहूर बाहुबली नेता अनंत सिंह हमेशा अपने शाही अंदाज और अनोखे शौक को लेकर सुर्खियों में रहते हैं. हाल ही में उनकी बेटी की शादी के खास मौके पर आयोजित होने वाली घुड़दौड़ (Horse Racing ) चर्चा का केंद्र बनी हुई है. इस शाही रेस में जीत दर्ज करने वाले घुड़सवार को इनाम के तौर पर Mahindra Thar देने का ऐलान किया गया है.
असली घोड़ों की इस दौड़ में जीतने वाले को एक ऐसी दमदार गाड़ी मिलने वाली है, जिसके बोनट के नीचे सैकड़ों घोड़ों की ताकत छिपी हुई है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इस इनामी महिंद्रा थार में आखिर कितना हॉर्सपावर (HP) है और गाड़ियों के इंजन की ताकत को नापने के लिए ‘हॉर्सपावर’ यानी घोड़ों की शक्ति का ही पैमाना क्यों चुना गया? आइए, इस दिलचस्प कनेक्शन के बारे में जानते हैं.
Mahindra Thar में कितना हॉर्सपावर (HP)?
महिंद्रा थार अपनी ऑफ-रोडिंग क्षमताओं और दमदार इंजन के लिए जानी जाती है. ये एसयूवी मुख्य रूप से दो इंजन विकल्पों (पेट्रोल और डीजल) और दो ड्राइवट्रेन (4WD और RWD) के साथ आती है. जानिए कौन सा इंजन कितनी पावर प्रोड्यूस करता है?
- 2.0-लीटर mStallion टर्बो-पेट्रोल इंजन: ये थार का सबसे शक्तिशाली वेरिएंट है, जो 150 bhp (ब्रेक हॉर्सपावर) की जबरदस्त पावर प्रोड्यूस करता है.
- 2.2-लीटर mHawk डीजल इंजन: ये इंजन 130 bhp की पावर जेनरेट करता है, जो पहाड़ों और ऊबड़-खाबड़ रास्तों के लिए बेस्ट है.
- 1.5-लीटर डीजल इंजन (RWD वेरिएंट): रियर-व्हील ड्राइव मॉडल में आने वाला ये इंजन 117 bhp की पावर प्रोड्यूस करता है.
क्या होता है हॉर्सपावर (HP)?
आसान भाषा में कहें तो हॉर्सपावर (Horsepower) किसी भी इंजन की काम करने की क्षमता या उसकी ताकत को मापने का एक यूनिट (Unit) है. जैसे हम वजन को किलोग्राम में और दूरी को किलोमीटर में मापते हैं, ठीक वैसे ही किसी मशीन या वाहन का इंजन कितनी तेजी से और कितनी ताकत के साथ काम कर सकता है, इसे हॉर्सपावर में मापा जाता है.
साइंस की लैंग्वेज में 1 हॉर्सपावर का मतलब है एक सेकंड में लगभग 75 किलोग्राम वजन को 1 मीटर की ऊंचाई तक उठाने की क्षमता. जिस गाड़ी में जितना ज्यादा हॉर्सपावर होगा, उसकी टॉप स्पीड और वजन खींचने की क्षमता उतनी ही अधिक होगी.
इंजन की ताकत घोड़ों की शक्ति (HP) से ही क्यों मापी गई?
इंजन की ताकत को मापने के लिए ‘हॉर्सपावर’ शब्द का इस्तेमाल करने का श्रेय 18वीं सदी के महान स्कॉटिश इंजीनियर जेम्स वाट (James Watt) को जाता है. इसके पीछे एक बेहद दिलचस्प कहानी है.
18वीं सदी में जब जेम्स वाट ने भाप के इंजन (Steam Engine) में सुधार कर उसे बाजार में उतारा, तो उस दौर में कोयले की खदानों से पानी निकालने और भारी सामान ढोने के लिए घोड़ों का इस्तेमाल किया जाता था। लोगों को नए जमाने के भाप इंजन पर भरोसा नहीं था. वे समझ नहीं पा रहे थे कि एक मशीन भला घोड़ों का मुकाबला कैसे कर सकती है.
लोगों को अपने इंजन की ताकत समझाने के लिए जेम्स वाट ने एक अनोखा तरीका निकाला. उन्होंने खदान में काम करने वाले एक मजबूत घोड़े की फंक्शनलिटी का मैथमेटिकल असेसमेंट किया. उन्होंने पाया कि एक औसत घोड़ा एक मिनट में लगभग 33,000 पाउंड वजन को एक फुट तक खींच सकता है। इसी पैमाने को उन्होंने 1 हॉर्सपावर नाम दिया.
इसके बाद वे ग्राहकों से यह कहने लगे कि मेरा एक भाप का इंजन 10 या 20 घोड़ों के बराबर अकेले काम कर सकता है. ये मार्केटिंग आइडिया इतना सफल रहा कि आम लोगों से लेकर इंजीनियरों तक को इंजन की क्षमता समझना बेहद आसान हो गया. समय के साथ भाप के इंजन की जगह पेट्रोल और डीजल के मॉडर्न इंजनों ने ले ली, लेकिन ताकत मापने का ये पैमाना हॉर्सपावर आज भी पूरी दुनिया में कायम है.
