रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बागपत

Baghpat News:टरबाइन फटने से थम गई 65 गांवों में गन्ने की कटाई – Sugarcane Harvesting In 65 Villages Comes To A Halt Following Turbine Explosion

November 27, 2026


बागपत। बागपत सहकारी चीनी मिल में बुधवार सुबह टरबाइन फटने से 65 गांवों में गन्ने की कटाई थम गई। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। वहीं गन्ने की कटाई नहीं होने से गेहूं की बोआई भी पिछड़ जाएगी और गेहूं के उत्पादन पर भी असर पड़ेगा। उधर, चीनी मिल व क्रय केंद्रों पर पहले ही लाए गए 35 हजार क्विंटल गन्ने को रमाला मिल में भेजा गया है।

बागपत सहकारी चीनी मिल से 65 गांवों के 23 हजार किसान जुड़े हैं। मिल में 40 लाख 19 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई होती है और अभी तक मिल में दो लाख 59 हजार गन्ने की पेराई हुई है। बुधवार सुबह साढ़े चार बजे टरबाइन फटने के कारण गन्ने की पेराई बंद हो गई है, जिससे किसानों के ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली व भैंसा बुग्गी की बागपत-मेरठ नेशनल हाईवे पर लाइन लग गई थी।

मिल में पहुंचे 35 हजार क्विंटल गन्ने को मिल प्रशासन ने अपने वाहनों से रमाला चीनी मिल में बुधवार की देर शाम को भेज दिया था। अब चीनी मिल में 20 दिन तक पेराई नहीं हो सकेगी। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। पेराई नहीं होने के कारण किसानों का गन्ना खेतों में खड़ा रहेगा और गन्ने की कटाई नहीं होने के कारण गेहूं की बोआई भी प्रभावित होगी।

बागपत मिल बना भ्रष्टाचार का अड्डा : प्रदीप धामा : सहकारी गन्ना विकास समिति के निदेशक प्रदीप धामा ने कहा कि बागपत सहकारी चीनी मिल में भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है और अधिकारी भी मौन हैं। मिल में बुधवार को टरबाइन फटने से भ्रष्टाचार साबित होता है, क्योंकि जिस टरबाइन पर एक करोड़ रुपये खर्च दिखाए गए हों, वह दो सप्ताह भी नहीं चल सकी। इससे पता चलता है कि मिल में किस तरह से भ्रष्टाचार फैल रहा है।

मिल में मशीनों की मरम्मत के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। यदि मामले की सही से जांच कराई जाए तो यहां भ्रष्टाचार मिलेगा। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ अन्याय सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने डीएम दिव्यांशु पटेल से शिकायत कर पिछले तीन साल में मिल में खर्च हुए बजट की जांच करवाने की मांग की। साथ ही जांच नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X