रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:फेसबुक विज्ञापन से मिला फर्जी डॉक्टर बनने का रास्ता, 5.5 लाख में मिली डिग्री; जानें कैसे हुआ खुलासा – Class 11 Pass Man Poses As Doctor With Fake Mbbs And Md Degrees, Sog Busts Multi-state Racket
जयपुर

राजस्थान:फेसबुक विज्ञापन से मिला फर्जी डॉक्टर बनने का रास्ता, 5.5 लाख में मिली डिग्री; जानें कैसे हुआ खुलासा – Class 11 Pass Man Poses As Doctor With Fake Mbbs And Md Degrees, Sog Busts Multi-state Racket

November 27, 2026


राजस्थान में फर्जी मेडिकल डिग्रियों के सहारे डॉक्टर बनकर मरीजों का इलाज करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने ऐसे संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो लाखों रुपये लेकर MBBS, MD (गायनेकोलॉजी) और DMRD की फर्जी डिग्रियां तैयार करवाता था। गिरोह की पहुंच इतनी गहरी थी कि फर्जी डिग्रियों को विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड कराने के साथ मेडिकल काउंसिल में पंजीयन भी कराया जाता था। मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि गिरोह का एक आरोपी महज 11वीं पास होने के बावजूद दिल्ली के बड़े अस्पतालों में नर्सिंग असिस्टेंट, वार्ड बॉय और जूनियर रेजिडेंट के रूप में काम कर चुका था।

11वीं पास ने फर्जी MBBS डिग्री से खुद को बना लिया डॉक्टर

SOG की जांच में रामकिशोर महावर की करतूतों का खुलासा हुआ है। आरोपी ने केवल 11वीं कक्षा तक पढ़ाई की थी। वर्ष 2016 से 2022 तक वह दौसा के एक निजी नर्सिंग होम में काम करता था। इसके बाद बालोतरा और बयाना के अस्पतालों में चिकित्सकों के सहायक के रूप में काम करते हुए अल्ट्रासाउंड से जुड़े कार्य सीखने लगा।

जांच के अनुसार, उसने फर्जी MBBS डिग्री के आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल में पंजीयन करा लिया। इसके बाद दौसा के खेड़ला स्थित एक निजी अस्पताल में करीब 15 दिन तक डॉक्टर के रूप में काम किया। अगस्त 2024 से अप्रैल 2025 तक दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट और वार्ड बॉय के रूप में नौकरी की। इसके बाद जून 2025 में फर्जी डिग्रियों के आधार पर सफदरजंग अस्पताल में जूनियर रेजिडेंट के रूप में भी काम शुरू कर दिया। वह दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में ऑन-कॉल सोनोग्राफी भी करने लगा।

फेसबुक विज्ञापन देखकर गिरोह से जुड़ा, साढ़े पांच लाख में खरीदी डिग्री

पूछताछ में सामने आया कि रामकिशोर ने फेसबुक पर मेडिकल एजुकेशन के नाम से चल रहे विज्ञापन के जरिए इस गिरोह से संपर्क किया था। उसने करीब साढ़े पांच लाख रुपये देकर 12वीं, MBBS और MD गायनेकोलॉजी के प्रमाणपत्र हासिल किए। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर दिल्ली मेडिकल काउंसिल में पंजीयन भी कराया।

इतना ही नहीं, DMRD की फर्जी डिग्री हासिल करने के लिए अलग से करीब साढ़े पांच लाख रुपये दिए। महाराष्ट्र में मेडिकल पंजीयन कराने के लिए भी उसने करीब साढ़े आठ लाख रुपये खर्च किए। इस तरह फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों और पंजीयन के जरिए उसने खुद को विशेषज्ञ चिकित्सक के रूप में पेश किया।

चार आरोपी गिरफ्तार, किसी का काम ग्राहक तो किसी का फर्जी डिग्री तैयार करना

SOG ने इस मामले में रामकिशोर महावर, सत्यजीत पाणिग्रही, मनीष मांजी और खुर्शीद तौफीक को गिरफ्तार किया है। जांच में गिरोह के सदस्यों की अलग-अलग जिम्मेदारियां सामने आई हैं।

सत्यजीत पाणिग्रही ग्राहकों से संपर्क कर फर्जी डिग्रियों का सौदा करता था। मनीष मांजी फर्जी मार्कशीट और डिग्रियां तैयार करवाने का काम संभालता था, जबकि खुर्शीद तौफीक इन दस्तावेजों को विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर अपलोड करवाता था। इस तरह फर्जी डिग्रियों को असली दिखाने के लिए पूरा नेटवर्क काम कर रहा था।

पांच राज्यों और दिल्ली तक फैला नेटवर्क, 40 संस्थानों की डिग्रियों पर जांच

SOG के अनुसार, गिरोह का नेटवर्क पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली तक फैला हुआ था। जांच में करीब 30 से 40 अन्य विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों की डिग्रियों के फर्जी दस्तावेज तैयार करने की जानकारी भी सामने आई है।

अब SOG गिरोह के अन्य सदस्यों और फर्जी डिग्रियों के आधार पर मेडिकल काउंसिल में पंजीयन कराने वाले लोगों की तलाश कर रही है। जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि इस नेटवर्क के जरिए कितने लोगों ने फर्जी मेडिकल डिग्रियां हासिल कीं और वे किन-किन अस्पतालों में मरीजों का इलाज कर रहे हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X