Ambedkar Nagar News:कटेहरी के चार जर्जर पुलों की होगी मरम्मत, 2.12 करोड़ मंजूर – Four Dilapidated Bridges In Katehari To Be Repaired; Rs 2.12 Crore Sanctioned
अंबेडकरनगर। कटेहरी विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से क्षतिग्रस्त चार पुलों की मरम्मत का रास्ता साफ हो गया है। प्रदेश सरकार ने करीब 2.12 करोड़ रुपये की लागत से पुलों और उनके पहुंच मार्गों को दुरुस्त कराने की मंजूरी दे दी है। टेंडर समेत अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इससे क्षेत्र के करीब 300 गांवों के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
इन पुलों की मरम्मत के लिए एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय के प्रस्ताव पर लोक निर्माण विभाग ने शासन को कार्ययोजना भेजी थी। प्रदेश सरकार ने हाल ही में प्रदेश के 45 पुलों और उनके पहुंच मार्गों की मरम्मत को स्वीकृति दी है। इनमें कटेहरी क्षेत्र के चार पुल भी शामिल हैं।
स्वीकृत कार्ययोजना के तहत पहितीपुर-अन्नावां मार्ग पर किलोमीटर एक से रामपुर बनेथू संपर्क मार्ग स्थित पुल और पहुंच मार्ग की मरम्मत पर 56.72 लाख रुपये खर्च होंगे। गोसाईंगंज-सेनपुर से इनहौना घाट-महापारा-भीटी मार्ग पर किलोमीटर 12 के निकट बिसुही नदी पर बने दीर्घ सेतु की मरम्मत के लिए 52.85 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसी तरह भितरीडीह संपर्क मार्ग पर थिरुआ नाले के पुल और पहुंच मार्ग की मरम्मत पर 51.68 लाख रुपये तथा कोडरा-केदारनगर मार्ग पर थिरुआ नाले के पुल की मरम्मत पर 50.58 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय ने बताया कि क्षेत्र में सड़क, पुल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलों की मरम्मत से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
पुलों की मरम्मत से आसान होगा आवागमन
कटेहरी निवासी राजेश वर्मा और रमेश यादव ने बताया कि इन पुलों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। लंबे समय से इनकी मरम्मत की जरूरत महसूस की जा रही थी। पुल और पहुंच मार्ग दुरुस्त होने से ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी। खासकर दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को खराब रास्तों की परेशानी से निजात मिलेगी।
