रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:पंचायत चुनाव में आज उपप्रधानों की परीक्षा, प्रधान के बाद अब दूसरे नंबर की कुर्सी पर नजर – Rajasthan Panchayat Elections See Another Test Of Political Strength
जयपुर

राजस्थान:पंचायत चुनाव में आज उपप्रधानों की परीक्षा, प्रधान के बाद अब दूसरे नंबर की कुर्सी पर नजर – Rajasthan Panchayat Elections See Another Test Of Political Strength

November 28, 2026


राजस्थान में पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव के बाद अब उपप्रधान पदों को लेकर सियासी जोड़तोड़ का दौर है। शनिवार को प्रदेश के 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों में उपप्रधान चुने जाएंगे। कई जगह प्रधान पद पर जीत के बाद अब राजनीतिक दलों की नजर उपप्रधान की कुर्सी पर है। खासकर उन पंचायत समितियों में मुकाबला दिलचस्प होगा, जहां किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला या निर्दलीय सदस्यों की भूमिका अहम है।

उपप्रधान चुनाव के नतीजे यह भी बताएंगे कि प्रधान पद पर जीत हासिल करने वाले दल अपने सदस्यों को एकजुट रखने और स्थानीय स्तर पर समर्थन जुटाने में कितने सफल रहे। जिन पंचायत समितियों में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला रहा, वहां उपप्रधान पद के लिए भी खींचतान देखने को मिल सकती है। वहीं आरएलपी, बीएपी और निर्दलीय सदस्यों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में उनकी भूमिका निर्णायक हो सकती है।

सुबह 10 बजे से शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया

पंचायत समिति मुख्यालयों पर सुबह 10 बजे बैठक के साथ निर्वाचन प्रक्रिया शुरू होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी और दोपहर 1 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद प्रत्याशियों की स्थिति साफ हो जाएगी।

यदि किसी पंचायत समिति में एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में रहते हैं तो दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपप्रधान पदों के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- राजस्थान: पंचायत चुनाव में कांग्रेस का दबदबा, 419 में से 255 समितियों में बनाए प्रधान; भाजपा 105 पर सिमटी

प्रधान चुनाव के बाद अब स्थानीय समीकरणों की बारी

प्रधान चुनाव में कांग्रेस ने 419 में से 255 पंचायत समितियों में जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा को 105 सीटें मिली थीं। आरएलपी ने 24, निर्दलीयों ने 19 और बीएपी ने 14 पंचायत समितियों में प्रधान बनवाए। अब उपप्रधान चुनाव में इन दलों की ताकत और स्थानीय समीकरणों की भी परीक्षा होगी।

उपप्रधान का चुनाव केवल दूसरे पद पर जीत हासिल करने तक सीमित नहीं है। पंचायत समिति के कामकाज में प्रधान के साथ उपप्रधान की भूमिका भी अहम रहती है। ऐसे में आज होने वाले चुनाव में राजनीतिक दलों की रणनीति, सदस्यों की एकजुटता और स्थानीय स्तर पर बने गठबंधन का असर साफ दिखाई देगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X