Sonipat News:प्रेम विवाह से नाराज परिजनों पर नवविवाहिता को कार में डालकर ले जाने के प्रयास का आरोप – Family Members, Upset Over A Love Marriage, Are Accused Of Trying To Take The Newlywed Away In A Car
– पुरखास राठी में दोनों पक्षों के बीच मारपीट, वीडियो वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर। बेटी के प्रेम विवाह करने से नाराज घर वालों ने गांव पुरखास राठी में नवविवाहिता को जबरन ले जाने का प्रयास किया। आरोप है कि युवती को कार में डालने की कोशिश की गई। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उधर, नवविवाहिता ने गन्नौर थाना पुलिस को शिकायत देकर अपनी और पति की सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गांव पुरखास राठी के रोहित और भिवानी की युवती एक-दूसरे से प्रेम करते थे। दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ 21 सितंबर 2026 को दिल्ली में प्रेम विवाह कर लिया था। शादी के बाद दोनों ने सुरक्षा के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था। इसके बाद उन्हें कुछ समय के लिए सेफ हाउस में भी रखा गया था। हालांकि, बाद में दोनों गांव में आकर रहने लगे। आरोप है कि इसी दौरान लड़की पक्ष के लोग रोहित के घर पहुंचे और युवती को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। विरोध और मारपीट की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर युवती को छुड़वाया।
